कानपुर देहात। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को अकबरपुर और भोगनीपुर तहसील क्षेत्रों में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों स्थानों पर कुल 150 पंजीकृत जोड़ों में से 137 जोड़ों का वैदिक विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया। अकबरपुर में 79 जोड़ों का सामूहिक विवाह अकबरपुर–मैथा विकासखंड के लिए कार्यक्रम अकबरपुर स्थित शांति उपवन गेस्ट हाउस में आयोजित हुआ। यहां गायत्री परिवार के आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 79 जोड़ों का विवाह संस्कार संपन्न कराया। अकबरपुर के 45 पंजीकृत जोड़ों में से 40 तथा मैथा के 41 में से 39 जोड़े विवाह स्थल पर उपस्थित रहे। नवविवाहित जोड़ों ने अग्निकुंड में आहुति दी, फेरे लिए और जयमाला पहनाकर साथ जीने-मरने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की निगरानी जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन और जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह ने की। प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिलाधिकारी और सीडीओ ने नवविवाहित जोड़ों को शासन से मिलने वाले उपहार व प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान उपजिलाधिकारी अकबरपुर नीलिमा यादव, तहसीलदार पवन कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी प्रदीप कुमार और एडीओ समाज कल्याण प्रिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। भोगनीपुर में 58 जोड़ों ने रचाया विवाह इसी क्रम में भोगनीपुर तहसील के रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में कुल 58 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। अमरौधा, मलासा और सरवनखेड़ा क्षेत्रों के लिए विवाह प्रस्तावित थे, हालांकि अंतिम समय तक तीन जोड़े नहीं पहुंच सके। कार्यक्रम का शुभारंभ नोडल अधिकारी जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी और भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि योगी सरकार महिलाओं के उत्थान और स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। कन्या सुमंगला योजना से बेटियों की शिक्षा और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से उनके विवाह की जिम्मेदारी सरकार निभा रही है। उन्होंने नवदंपतियों से प्रेम, सच्चाई और विश्वास के साथ दांपत्य जीवन निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डीसी मनरेगा अशोक कुमार, डीसी एनआरएलएम गंगाराम, जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे और नवविवाहित जोड़ों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
https://ift.tt/FcmvhKE
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply