कुशीनगर जिले के कप्तानगंज कस्बे को जाम की पुरानी समस्या से बड़ी राहत मिल गई है। शुक्रवार को 78 करोड़ रुपये की लागत से बने ओवरब्रिज का विधिवत लोकार्पण किया गया। इसके शुरू होने से अब रेलवे ढाले पर लगने वाला घंटों का जाम खत्म होगा। यह ओवरब्रिज महाराजगंज, पडरौना के साथ-साथ बिहार और नेपाल के यात्रियों के लिए भी आवागमन को आसान बनाएगा। सांसद विजय कुमार दुबे ने किया लोकार्पण लोकार्पण कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे ने किया। कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय और जिला स्तरीय नेता मौजूद रहे।सांसद दुबे ने बताया कि कप्तानगंज में रेलवे ढाले पर अत्यधिक जाम की समस्या रहती थी। ओवरब्रिज को वर्ष 2019 में मंजूरी मिली थी। प्रारंभिक प्रस्ताव इसे 4-लेन का बनाने का था, लेकिन इससे बड़ी आबादी प्रभावित हो सकती थी, इसलिए इसे 2-लेन में पास कराया गया। डिजाइनिंग में आई तकनीकी दिक्कतों को दूर करने में भी समय लगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा परियोजना को लेकर लगाए गए झूठे दावों का उत्तर ‘काम’ के रूप में मिल गया है। उन्होंने दावा किया कि महानगरों को छोड़कर किसी भी जिले में कुशीनगर जितने ओवरब्रिज नहीं हैं। परियोजना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का विशेष सहयोग मिला है। पूर्वांचल में पहला मॉडल: ऊपर ओवरब्रिज, नीचे अंडरपास सांसद दुबे ने यह भी कहा कि यह पूर्वांचल का पहला स्थान होगा, जहां ऊपर ओवरब्रिज और नीचे अंडरपास बनेगा, जिसके बीच से रेल लाइन गुजरेगी। यह मॉडल क्षेत्र के यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाएगा। स्थानीय युवाओं ने जताई खुशी स्थानीय युवक अभिषेक दुबे और अंकित मोदनवाल ने कहा कि पहले रेलवे ढाला पार करने में घंटों लगते थे। स्कूली बच्चों, एम्बुलेंस और पर्यटकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती थी। ओवरब्रिज शुरू होने से अब राहत मिलेगी और आवागमन सुचारु रहेगा। तकनीकी कारणों से हुई देरी, अब अंडरपास का काम शुरू होगा मुख्य परियोजना प्रबंधक आशीष कुमार वैश ने बताया कि निर्माण के दौरान कुछ तकनीकी चुनौतियाँ आने से कार्य में देरी हुई। अब ओवरब्रिज पूरी तरह से तैयार है और इसे जनता के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब अगले चरण में अंडरपास का निर्माण शुरू किया जाएगा, लेकिन उससे पहले ऊपर का ट्रैफिक शुरू करना आवश्यक था।
https://ift.tt/3YekTiZ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply