बिजनौर के धामपुर मे बॉलीवुड फ़िल्म ‘धुरंधर’ में धामपुर निवासी युवा अभिनेता विवेक सिन्हा ने आतंकी ज़हूर मिस्त्री का किरदार निभाकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। फिल्म में उनकी दमदार डायलॉग डिलीवरी और सशक्त आवाज़ की सराहना की जा रही है। विवेक सिन्हा ने बड़े बजट की इस फ़िल्म में शीर्ष कलाकारों के साथ लगभग दस मिनट के महत्वपूर्ण किरदार में अपने अभिनय का प्रदर्शन किया है। फ़िल्म की शुरुआत में उनके संवाद — “पड़ोस में रहते हैं हम, गूदे भर का ज़ोर लगा लो… और बिगाड़ लो जो बिगाड़ सकते हो” — खासे चर्चित हो रहे हैं। अभिनेता ने बताया कि उन्हें इस भूमिका के लिए करीब आठ माह पूर्व ऑडिशन के बाद चुना गया था। फ़िल्म के निर्देशक आदित्यधर ने उन्हें ज़हूर मिस्त्री के रोल के लिए चयनित किया। इस किरदार को निभाने के लिए विवेक ने शारीरिक रूप से भी बड़ा परिवर्तन किया। उन्होंने लगभग 10 किलो वजन घटाया और 12 साल बाद अपनी दाढ़ी व बाल कटवाए। फिटनेस बनाए रखने के लिए उन्होंने जिम और स्विमिंग का सहारा लिया। फिल्म में विवेक सिन्हा द्वारा निभाया गया ज़हूर मिस्त्री का किरदार वर्ष 1999 के कंधार विमान अपहरण कांड से जुड़ा एक आतंकी था। वास्तविक जीवन में उसे वर्ष 2022 में पाकिस्तान के कराची में अज्ञात हमलावरों ने मार गिराया था। फिल्म में इस किरदार का अंत अभिनेता रणवीर कपूर के हाथों दिखाया गया है। विवेक सिन्हा धामपुर के मोहल्ला ख़ातियांन के निवासी हैं। उनके पिता स्वर्गीय कृष्णवीर सिन्हा थे। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा शिखर शिशु सदन विद्यालय, धामपुर से पूरी की और हिमाचल प्रदेश से अभिनय का कोर्स किया। इससे पहले वे ‘पीके’, ‘पीरियड चार्ट’, ‘द पिकअप आर्टिस्ट’, ‘मोदी जी की बेटी’ और ‘तांडव’ सहित कई फ़िल्मों, टीवी सीरियल्स और विज्ञापन फ़िल्मों में काम कर चुके हैं। फिल्म में उनकी सफलता के बाद विवेक को रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की ओर से लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं। धामपुर निवासी और जनपद बिजनौर के प्रसिद्ध कोरियोग्राफर रोमियो मयूर ने भी मोबाइल पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
https://ift.tt/8uiYey3
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply