अयोध्या से दर्शन कर रायबरेली लौट रहे चार युवक-युवतियों की कार अयोध्या-रायबरेली नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कुमारगंज थाना क्षेत्र में कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के गेट नंबर एक के पास हुई। तेज रफ्तार कार कई बार पलटते हुए हाईवे से नीचे जा गिरी। कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं, जो अयोध्या से रायबरेली की ओर जा रहे थे। घायलों की पहचान लव कुश 20 वर्ष, पुत्र रामकुमार और सावित्री 19 वर्ष, पुत्री सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। इन्हें गंभीर चोटें आई हैं। कार चालक शुभम को मामूली चोटें आईं, जबकि एक अन्य युवती को कोई चोट नहीं लगी। ये सभी रायबरेली के डलमऊ के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और 100 सौ बेड अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार का दरवाजा तोड़कर फंसे हुए सभी लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चारों लोग रात में अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। हादसे के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि चालक को झपकी आ गई थी, जिससे कार अनियंत्रित हो गई। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नगर पंचायत का एक ट्रैक्टर कूड़ा उठाने के लिए जा रहा था, जिससे कार की टक्कर हुई और चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे कार कई बार पलटा खाते हुए हाईवे से नीचे जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए थे। पुलिस चालक और कार में सवार अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता चल सके।
https://ift.tt/DEMQAiK
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply