सिटी रिपोर्टर| बोधगया बोधगया थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में शुक्रवार की देर रात मारपीट और फायरिंग की एक गंभीर घटना सामने आई। इस वारदात में तीन लोग घायल हो गए हैं, जिनमें दो की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे गांव में दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान गांव के निवासी फिरोज खान और उनका भतीजा हसनैन खान मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। विवाद शांत होने के बाद दोनों अपने घर लौट गए। हालांकि कुछ देर बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। बताया गया कि कुछ अज्ञात लोग फिरोज खान के घर पहुंच गए और ईंट-पत्थर तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में फिरोज खान और हसनैन खान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 15 वर्षीय खुशी खान को भी नाक में चोट आई। पीड़ित परिवार के अनुसार, हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और 4 से 5 राउंड फायरिंग भी की। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोधगया में कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही सटीक जानकारी साझा की जाएगी। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसके मद्देनज़र पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। मारपीट में घायल हुए लोग।
https://ift.tt/YTjSiZk
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply