DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सम्राट चौधरी ने बनाई 1600 माफिया की लिस्ट, एक्शन देखिए:90% गरीबों की झोपड़ी-दुकाने तोड़ी गईं; महिला बोली- जहां हमारे बाप-दादा मरे उस पर चला बुलडोजर

‘3 तरह के (जमीन, शराब और बालू) माफिया को किसी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा। अभी तक 400 लोगों की लिस्ट बनी है। 1200 की नई लिस्ट बनाई है। इन तमाम लोगों को कोर्ट से आदेश लेकर ध्वस्त करूंगा, जेल में डालूंगा।’- सम्राट चौधरी, गृह मंत्री, बिहार सरकार गृह मंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने सबसे बड़ी घोषणा यही की। इसके बाद पूरे बिहार में बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया। सम्राट चौधरी को लोग यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर बुलडोजर बाबा कहने लगे। लेकिन बिहार में यूपी से कुछ अलग पैटर्न पर बुलडोजर चल रहा है। बिहार में सबसे ज्यादा बुलडोजर एक्शन अब तक कहां-कहां हुआ? किस पैटर्न पर एक्शन हो रहा है? यूपी से ये कितना अलग है? कितने माफिया पर कार्रवाई हुई और कितने आम आदमियों की दुकानों, झोपड़ियों पर एक्शन लिया गया? दैनिक भास्कर ने ग्राउंड से ये खंगाला? पढ़िए पूरी रिपोर्ट… सबसे पहले जानिए बिहार के बुलडोजर एक्शन में यूपी से अलग क्या? उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वहां अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चल रहा है। इनमें गैंगस्टर अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, मुन्ना बजरंगी, संजीव जीवा जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्ति पर वहां बुलडोजर चल चुका है। यही नहीं, कई रेपिस्ट और मर्डर करने वालों के घरों पर भी बुलडोजर चला है। बिहार में पैटर्न थोड़ा अलग दिख रहा है। यहां अब तक 200 जगह बुलडोजर एक्शन हो चुका है, जिसमें 95% अतिक्रमण वाले दुकानों, ठेलों और झोपड़ियों का हटाया गया है। इनमें ज्यादातर गरीब दुकानदार शामिल हैं। पहले भाषण में सम्राट ने जिन माफिया का जिक्र किया उन पर अभी तक बुलडोजर नहीं चला है। अब आपको उन इलाकों में ले चलते हैं, जहां बुलडोजर एक्शन हो रहा है। अब तीन सीन देखिए, जहां बुलडोजर एक्शन हुआ है 1- क्या इसलिए सरकार को जिताए थे कि गरीब का घर तोड़ दे समस्तीपुर के हसनपुर की इस महिला का घर पुलिस-प्रशासन ने तोड़ दिया। 35 साल से दूसरे की जमीन पर रह रही थी। कार्रवाई के बाद महिला बोली- ‘हम लोग गरीब हैं। इसी जगह पर हमारे बाप-दादा मर गए। हमलोगों ने कहा था कि सरकार जमीन देगी तो हट जाएंगे। रात में आग लगा दिया गया। दौड़ा-दौड़ा कर मारा। क्या हम लोग इसलिए सरकार को जिताए थे कि घर तोड़ दे?’ हसनपुर में गुरुवार को 19 बुलडोजरों की मदद से 13 एकड़ जमीन खाली कराया गया। यहां 280 परिवारों के घर थे। इस कार्रवाई के लिए 400 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। लोगों ने विरोध किया तो पुलिस ने लाठी चलाई। 2- बेगूसराय में युवक ने खुद पर डाला पेट्रोल बेगूसराय शहर स्थित ओवरब्रिज के नीचे बनी झुग्गियों को तोड़ा गया। पुलिस-प्रशासन के लोग अतिक्रमण हटा रहे थे तभी एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। पुलिस के जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ा। युवक को हिरासत में लिया गया तो लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में सिपाही रंजीत ‎सिंह जख्मी हो गए। बड़ा पत्थर लगने से उनका सिर फट गया। वह मौके ‎पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। 3- मुंगेर में मंदिर पर चला बुलडोजर मुंगेर के नया रामनगर थाना क्षेत्र में 59 साल पुराने दुर्गा मंदिर को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया गया। फोरलेन सड़क बनाने के लिए इसे हटाया गया है। इसके बदले बगल में नए मंदिर का निर्माण किया गया है। इस मंदिर का निर्माण 1966 में हुआ था। लोग यहां मंदिर बनने से दो साल पहले से पूजा कर रहे थे। अब पांच ऐसे क्षेत्र जहां दुकानें और झोपड़ियां गिराई गईं… 1- पटना का पॉश इलाका बोरिंग रोड, सड़क खाली करने को तैयार नहीं दुकानदार सबसे पहले हम पटना के पॉश इलाका बोरिंग रोड पहुंचे। यहां 2 दिसंबर को अतिक्रमण विरोधी अभियान चला। नगर निगम ने ठेले जब्त किए, फाइन लगाए, लेकिन स्थिति जस की तस है। नगर निगम के कर्मियों के वापस जाते ही फिर से ठेले लेकर दुकानदार पहुंच गए। हमने उनसे बात की। तंदूरी-नान की दुकान चलाने वाले वंश लाल गुप्ता ने कहा, ‘1994 में पंजाब के लुधियाना में तंदूरी-नान बेचता था। जो परेशानी पंजाब में झेली वही बिहार में भी हो रही है। वहां बिहारी के नाम पर परेशान किया जाता था। 1997 में बिहार आ गया। यहां ठेला लगाना शुरू किया। अब यहां भी परेशान किया जा रहा है। हालत पंजाब से भी खराब हैं।’ चाट दुकान चलाने वाले जितेंद्र कुमार ने कहा, ‘हमने सरकार को जिताया। उम्मीद थी कि गरीबों के लिए कुछ करेगी। सरकार हमें उजाड़ने में ही लगी है। हम गरीबों पर बुलडोजर चला रही है। एक भी अपराधी के घर पर बुलडोजर नहीं चल रहा। सरकार के नजर में हम ही अपराधी हैं।’ चाय बेचने वाले कामेश्वर साहू ने कहा, ‘रोज 500-600 रुपए की कमाई होती है। जिस दिन दुकान नहीं लगती या फाइन देना होता है उस दिन दूसरे से उधार लेना पड़ता है। पार्किंग एरिया में दुकान लगाने से हम सरकार की नजर में अपराधी हो गए हैं। तभी तो सरकार हम पर बुलडोजर चला रही है।’ 2- बेगूसराय में झोपड़पट्टी पर चला बुलडोजर हम बेगूसराय के लोहिया नगर पहुंचे। बेगूसराय में मंगलवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा है। लोहिया नगर झोपड़पट्टी में स्थायी व अस्थाई निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया है। गुरुवार को ओवरब्रिज के नीचे बनाई गई झोपड़ियों को उजाड़ा जा रहा था तभी एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। ‎पुलिस ने उसे खदेड़ा तो वह ओवरब्रिज के सीढ़ी पर ‎चढ़कर भागने लगा। पुलिस वालों ने उसे ‎पकड़ा तो भीड़ भड़क गई। पुलिस पर पथराव कर दिया गया। रेलवे ट्रैक से पत्थर उठाकर पुलिसवालों पर चलाए गए। झुग्गियों को हटाते वक्त जमीन के नीचे छिपाए गए 7,000 लीटर से‎ अधिक देसी शराब को बरामद किया गया। हमने यहां रहने वाली एक महिला से बात की। उसने कहा, ’60 साल की हूं। छोटी बच्ची थी तब माता-पिता लेकर यहां आए थे। हमारे पास कोई जमीन नहीं। हमारे घर तोड़ दिए गए। अब इस ठंड में बच्चों को लेकर कहां जाऊंगी।’ 3- समस्तीपुर में 19 बुलडोजरों ने तोड़े 280 परिवारों के घर हम समस्तीपुर के हसनपुर पहुंचे। गुरुवार को यहां 19 बुलडोजरों की मदद से मंगल गढ़ कोठी की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान 35 साल से यहां रह रहे 280 परिवारों के घर तोड़ दिए गए। करीब 13 एकड़ जमीन खाली कराई गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। इस पर पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया। हमने यहां रहने वाली एक महिला ने बात की। वह बोली, ‘हम लोग गरीब हैं। 35 साल से यहां रह रहे थे। यहीं हमारे बाप-दादा मर गए। हमलोगों ने कहा था कि सरकार रहने के लिए जमीन देगी तो हट जाएंगे। खाली कर देंगे। रात में आग लगा दिया। हम लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा। जान बचाने के लिए भागे। क्या इसी लिए हम गरीबों ने सरकार को जिताया था? आज गरीब का घर तोड़ रहा है।’ 4- गोपालगंज के जाधोपुर में तोड़े गए घर, महिला बोली- अब कहां जाऊं हम गोपालगंज के जाधोपुर पहुंचे तो देखा कि बुलडोजर एक्शन चल रहा है। लोग सरकारी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। उनके घरों को तोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने पहले नोटिस दिया था, लेकिन लोगों ने जगह खाली नहीं किया। अतिक्रमण हटाओ अभियान में अपना घर गंवाने वाली एक महिला से हमने बात की। महिला रोते हुए बोली, ‘अब मैं कहां रहूंगी। मेरे पास रहने के लिए कोई जगह नहीं। सरकार ने तो घर तोड़ दिया। एक खेत है। उसमें सीने से ऊपर पानी है। वहां कैसे रहूं।’ 5- छपरा के राजेंद्र स्टेडियम के पास चला बुलडोजर हम छपरा के राजेंद्र स्टेडियम पहुंचे। यहां सरकारी जमीन पर 25-30 साल से अतिक्रमण था। जिला प्रशासन ने खाली करने के लिए नोटिस दिया था, लेकिन लोगों ने ऐसा नहीं किया। इसके चलते बुधवार को बुलडोजर चलाए गए। 50 से अधिक झुग्गियों को हटाया गया। जिन लोगों ने स्थायी घर बना लिए थे, उनके घर तोड़ दिए गए। अतिक्रमण विरोधी अभियान पर क्या कहती है सरकार? सम्राट चौधरी ने विधानसभा में कहा, ‘यहां कोई बुलडोजर मामला नहीं है। ना मेरा नाम बुलडोजर है। मैं सिर्फ सम्राट चौधरी के नाम से जाना जाता हूं। बिहार में कोर्ट ने तय किया है, न्यायालय ने ये पूरी व्यवस्था खड़ी की है। जिला प्रशासन को निर्देश दिए। सभी जगह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही है।’ 400 कुख्यातों की लिस्ट, 2 के खिलाफ संपत्ति जब्त करने के आदेश, कार्रवाई नहीं पुलिस मुख्यालय बिहार के 400 कुख्यात और माफियाओं की संपत्ति जब्त करने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया है। कोर्ट ने 65 माफियाओं, कुख्यातों को नोटिस जारी किया है। दो कुख्यातों की संपत्ति जब्त करने के लिए कोर्ट ने आदेश दिया है। इनमें मुजफ्फरपुर के चुन्नू ठाकुर और रंजय कुमार ओंकार है। रंजय कुमार मूल रूप से बेगूसराय के हैं। दोनों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सम्राट चौधरी ने सदन में कहा, ‘माफिया पर तो कार्रवाई होगी ही। चाहे वो जमीन माफिया हो, बालू माफिया हो या शराब माफिया हो। नीतीश कुमार के नेतृत्व में कोई बचेगा नहीं, इतना जरूर गारंटी देना चाहता हूं।’


https://ift.tt/B6DN5Ls

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *