भास्कर न्यूज |सीतामढ़ी जनकनंदिनी सीता माता की जन्मभूमि पुनौरा धाम तथा नगर स्थित रजत द्वार जानकी मंदिर में विवाह पंचमी महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मार्गशीर्ष महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर भगवान श्रीराम और माता सीता के दिव्य विवाह की स्मृति में हर वर्ष की भांति इस बार भी विशेष उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। दोनों मंदिरों को फूल मालाओं, रंग-बिरंगी इलेक्ट्रिक झालरों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया जा रहा है। मंदिर परिसर पूरी तरह आध्यात्मिक वातावरण में डूब चुका है। पुनौरा धाम जानकी जन्मभूमि मंदिर के महंत कौशल किशोर दास ने बताया कि आज 24 नवंबर से श्रीराम–जानकी विवाह उत्सव की मुख्य रस्में प्रारंभ हो जाएँगी। सोमवार को आयोजित होने वाली मटकोर पूजा के साथ विवाहोत्सव की औपचारिक शुरुआत होगी। इस दौरान पारंपरिक वैवाहिक गीत, शगुन, हल्दी रस्म और भजन-कीर्तन पूरे वातावरण को भक्तिमय बना देंगे। महंत ने बताया कि, स्थानीय महिलाएं एवं भक्तगण पारंपरिक गीतों के जरिए माता सीता की मटकोर रस्म को जीवंत करेंगे। वहीं, मंगलवार को मंगल गायन की श्रृंखला प्रारंभ होगी और पूरा मंदिर परिसर सांस्कृतिक रंग में रंग उठेगा। रात्रि में विवाहोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें राम–सीता के दिव्य स्वरूपों का विधिवत विवाह संपन्न किया जाएगा। विवाह पंचमी महोत्सव को ध्यान में रखते हुए दोनों मंदिरों में विशेष सजावट की जा रही है। पुनौरा धाम हो या रजत द्वार जानकी मंदिर, हर जगह भारी संख्या में कारीगर और स्वयंसेवक सजावट में लगे हुए हैं। फूलों की मालाएँ, लाल–पीले वस्त्र, झालरें और रोशनी मंदिर की दिव्यता को बढ़ा रही हैं। मुख्य मंच को पारंपरिक मिथिला शैली से सजाया जा रहा है, जिससे विवाह मंडप का रूप और भी आकर्षक दिखे। मंदिर को दीपों और पुष्पों से सजाया जा रहा, जयकारे से गूंज रहा परिसर नगर के मां जानकी की प्राकट्य स्थली रजत द्वार जानकी मंदिर में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर के महंत विनोद दास के नेतृत्व में 26 नवंबर को भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे, जो जय-जय कार और भक्ति गीतों के साथ नगर की सड़कों को आध्यात्मिक रंग से भर देंगे। रात्रि में विशेष महाआरती का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को दीपों और पुष्पों से सजाया जा रहा है, ताकि विवाह पंचमी की रात विशेष और अविस्मरणीय बने। महंत विनोद दास ने बताया कि श्रीराम–जानकी विवाह महोत्सव के सभी कार्यक्रमों की तैयारी पूरी हो चुकी है और इस बार अधिक भव्यता के साथ आयोजन होगा।
https://ift.tt/DIuqyx5
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply