राजगीर खेल अकादमी के हॉकी ग्राउंड पर आज से राज्यस्तरीय स्कूल हॉकी प्रतियोगिता का आगाज हो रहा है। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार करेंगे। यह आयोजन बिहार में हॉकी के बढ़ते क्रेज और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेश के 17 जिलों से कुल एक हजार खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें बालक और बालिका वर्ग के 500-500 खिलाड़ी शामिल हैं। इस आयोजन की खास बात यह है कि यहां तीन अलग-अलग आयु वर्गों अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 में मुकाबले होंगे। जो विभिन्न स्तरों पर प्रतिभाओं को उभरने का मौका देंगे। जिला खेल पदाधिकारी शालिनी प्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता को दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहले चरण में 7 से 10 दिसंबर तक बालक वर्ग के मुकाबले होंगे, जबकि दूसरे चरण में 15 से 18 दिसंबर तक बालिका वर्ग की प्रतियोगिता संपन्न होगी। खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे बालक वर्ग में 7-8 दिसंबर को अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 9-10 दिसंबर को अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। इसी तरह बालिका वर्ग में 15-16 दिसंबर को अंडर-14 व अंडर-19 के मैच होंगे, और 17-18 दिसंबर को अंडर-17 वर्ग की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 17 जिलों के खिलाड़ी आजमाएंगे किस्मत इस प्रतिस्पर्धा में पटना, बक्सर, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पूर्णिया, खगड़िया, भागलपुर, सीवान, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, मुंगेर, बेगूसराय और नालंदा जिलों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इन जिलों में से कई पारंपरिक रूप से हॉकी के गढ़ रहे हैं और यहां से निकले खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन किया है। राजगीर की खेल अकादमी पिछले कुछ वर्षों में बिहार के खेल विकास का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरी है। यहां की अत्याधुनिक सुविधाएं और बेहतर बुनियादी ढांचा युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने में मदद कर रहा है।
https://ift.tt/zB9WldG
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply