भागलपुर नवगछिया पुलिस जिले के झंडापुर थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर हरियो ढाला के पास शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। साइकिल सवार इस मजदूर की दाहिनी आंख क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के लिए उसे भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घायल मजदूर की पहचान कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र के डुमर गांव निवासी 55 साल के रामु मंडल के रूप में हुई है। रामु मंडल नवगछिया के झंडापुर इलाके में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। शुक्रवार दोपहर काम खत्म कर वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे, तभी एनएच-31 पर हरियो ढाला के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामु मंडल सड़क पर गिर पड़े और उनकी दाहिनी आंख गंभीर रूप से चोटिल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर घटना की सूचना मिलते ही झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रामु मंडल को इलाज के लिए भागलपुर भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया था। झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल वह बेहोशी की हालत में है। होश में आने पर उसका फर्द बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किस गाड़ी ने टक्कर मारी है। पुलिस गाड़ी की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
https://ift.tt/hbGIm7u
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply