हर 500 मीटर पर तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट:मूर्ति विसर्जन यात्रा मार्ग पर तैयारी पूरी; अधिकारियों की छटि्टयां निरस्त
विजयदशमी पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो जाएगा। इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। साफ-सफाई के साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी तहसीलों से पर्याप्त मजिस्ट्रेट की ड्यूटी यहां लगाई गई है। हर 500 मीटर पर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। लगभग 100 से अधिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये अधिकारी पुलिस के अधिकारियों क साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे।
इधर मूर्ति विसर्जन को देखते हुए सभी अधिकारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। बिना अनुमति कोई जिला भी नहीं छोड़ सकेगा। विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तहसीलों से अधिकारियों की ड्यूटी गोरखपुर में लगाई गई है। इसके साथ ही तहसीलों में भी विसर्जन संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। गुरुवार की सुबह से ही सभी अपने ड्यूटी स्थल पर तैनात हो जाएंगे। 4 सुपर जोन में बांटा गया है शहर दुर्गा पूजा और दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जिले को 4 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक सुपर जोन की जिम्मेदारी जोनल अधिकारी को दी गई है। एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि दुर्गा पूजा से लेकर शोभा यात्रा व प्रतिमा विसर्जन तक के लिए अलग-अलग अधिकारियों को क्षेत्रवार तैनात किया गया है। सभी को उनकी जिम्मेदारी बता दी गई है।
ग्रामीण के उत्तरी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एडीएम प्रशासन सहदेव मिश्र को जिम्मेदारी दी गई है। दक्षिणी क्षेत्र की जिम्मेदारी मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा निभाएंगे। नगर क्षेत्र की संपूर्ण व्यवस्था एडीएम सिटी व संपूर्ण शहर क्षेत्र के विसर्जन स्थलों राजघाट, एकला, डोमिनगढ़ व महेसरा की निगरानी के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीत कुमार सिंह और लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन अरविंद कुमार को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके अलावा करीब 15 जोनल मजिस्ट्रेट, 40 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 20 से अधिक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/j4UD8SW
Leave a Reply