स्कोडा कार से अफीम तस्करी करने वाले 4 तस्कर गिरफ्तार:12 लाख रुपए की अफीम बरामद, नेपाल लाकर करते थे सप्लाई

शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान अफीम तस्करी में लिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी तस्कर नेपाल से अफीम लाकर उत्तर प्रदेश और पंजाब में इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस ने उनके पास से 1 किलो 200 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय कीमत लगभग 12 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक स्कोडा कार भी बरामद की है, जिस पर एडवोकेट का टैग लगा हुआ था। गिरफ्तार तस्करों की पहचान गुरनेव, अंग्रेज सिंह, गुरप्रीत और नरवेल के रूप में हुई है, जो लखीमपुर खीरी के निवासी हैं। इन आरोपियों को झिंझाना थाना पुलिस ने मेरठ करनाल हाईवे पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया। नेपाल से अफीम लाकर पंजाब और यूपी में सप्लाई पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में शिकायतें मिली थीं, और ये लोग नेपाल से अफीम लाकर पंजाब और उत्तर प्रदेश में सप्लाई करते थे। अब पुलिस उनकी पूरी तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है और जो भी व्यक्ति इस तस्करी में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी शामली एनपी सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन सवेरा के तहत की गई है, जिसे डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस नशे के तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है, ताकि नशे के कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके। अभी पुलिस इस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य संभावित तस्करों का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर