सामूहिक विवाह में बायोमीट्रिक हाजिरी जरूरी:मैनपुरी में 452 जोड़ों का विवाह, कन्या के खाते में जाएंगे 51 हजार

उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में फर्जीवाड़े को रोकने के लिए बायोमीट्रिक हाजिरी अनिवार्य कर दी है। मैनपुरी जिले में 452 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। अब तक 152 जोड़ों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। सरकार प्रति जोड़े पर एक लाख रुपए खर्च करेगी। इसमें से 51 हजार रुपए कन्या के बैंक खाते में सीधे जमा होंगे। बाकी राशि उपहार और आयोजन पर खर्च की जाएगी। योजना में आवेदन के लिए कुछ शर्तें रखी गई हैं। कन्या के परिवार की सालाना आय दो लाख रुपए से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। विवाह के समय कन्या की उम्र 18 वर्ष और वर की उम्र 21 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। आवेदकों को जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। इनमें शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, वोटर आईडी, आधार कार्ड या मनरेगा जॉब कार्ड शामिल हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि विभाग सभी आवेदनों का सत्यापन कर रहा है। नवंबर में बायोमेट्रिक हाजिरी के बाद विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर