सांसद साक्षी महाराज ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण:मरीजों से बातचीत की, स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली
उन्नाव में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सांसद साक्षी महाराज ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना। स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी एकत्र की। सांसद ने मरीजों से उपचार और दवाओं की उपलब्धता पर सीधा फीडबैक लिया। कई मरीजों की समस्याओं पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को हर मरीज को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का निर्देश दिया। अस्पताल निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों और स्टाफ से भी संवाद किया गया। सांसद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बना रही हैं। उन्होंने मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया। इसके बाद छोटा-बड़ा चौराहे पर व्यापारियों से मुलाकात की गई। व्यापारियों ने जीएसटी से जुड़ी समस्याएं रखीं। टैक्स संरचना में सुधार की मांग की। सांसद ने व्यापारियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। सदर विधायक पंकज गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापार और स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाना चाहती है। दोनों नेताओं ने उन्नाव के विकास को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply