सपा नेता अरविंद सिंह गोप ने बिहार चुनाव पर बोला:कहा- बिहार में BJP की हार तय, रायबरेली घटना को बताया निंदनीय

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने मंगलवार को बाराबंकी में बिहार विधानसभा चुनाव और रायबरेली में हुई मॉब लिंचिंग की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिहार में भाजपा की हार और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया, जबकि रायबरेली की घटना को निंदनीय बताया। बिहार विधानसभा चुनाव पर पूछे गए सवाल पर गोप ने कहा कि वे चुनाव आयोग के निर्णय का स्वागत करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस चुनाव में बिहार से भाजपा की विदाई तय है और इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। गोप ने आगे कहा कि इंडिया गठबंधन जिस तरह से आगे बढ़ रहा है, भाजपा हारेगी। उन्होंने यह भी बताया कि समाजवादी पार्टी के नेता वहां चुनाव प्रचार के लिए जा रहे हैं। रायबरेली के ऊंचाहार थाना क्षेत्र में हुई घटना पर भी गोप ने बयान दिया। यहां चोर समझकर भीड़ ने फतेहपुर के हरिओम नामक व्यक्ति को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया है और कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया है। इस घटना की निंदा करते हुए अरविंद सिंह गोप ने कहा कि यह अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि जहां भी अन्याय, अत्याचार या शोषण हो, पार्टी वहां पीड़ितों के साथ खड़ी होकर न्याय दिलाने का काम करे।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/hi5QbXd