संभल में रामलीला मंचन का आगाज:बिहार की मंडली करेगी लीला मंचन, श्रीगणेश और रामायण का पूजन
संभल में शारदीय नवरात्र से एक दिन पहले रामलीला मंचन का शुभारंभ हुआ। नगर पालिका परिषद के खेल मैदान में श्रीरामलीला कमेटी के नेतृत्व में मंचन शुरू किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। आचार्य पंडित अविनाश शास्त्री ने विधि-विधान से देवी-देवताओं का पूजन कराया। नैमिषारण्य तीर्थ के महंत बाल योगी दीनानाथ और वंश गोपाल तीर्थ के महंत भगवत प्रिय भी कार्यक्रम में शामिल हुए। आरएसएस के विभाग कार्यवाह अरविंद अरोड़ा ने श्रीगणेश का पूजन किया। इस अवसर पर भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल उपस्थित रहे। नगर हिंदू सभा के अध्यक्ष कमलकांत तिवारी ने भगवान श्रीराम के स्वरूपों पर पुष्प वर्षा की। विहिप जिलाध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष बिहार के दरभंगा-समस्तीपुर की मंडली रामलीला का मंचन करेगी। लीला मंचन रात 9 बजे से शुरू होकर रात 1 बजे तक चलेगा। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। कार्यक्रम में डॉ. यूसी सक्सेना, डॉ. अरविंद गुप्ता, वैभव गुप्ता, राहुल शर्मा, अनुराग गुप्ता, सौरभ गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply