श्रावस्ती में नाबालिग ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया:पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी किशोरी, शिकायत दर्ज
श्रावस्ती के भिनगा स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय में बीते शुक्रवार एक नाबालिग लड़की ने बच्चे को जन्म दिया है। लड़की पेट दर्द की परेशानी लेकर अस्पताल पहुंची थी, जहां जांच के बाद उसे लेबर रूम में शिफ्ट किया गया। मामले मे परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। दरअसल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. राज्यपाल सिंह ने बताया कि मरीज पेट दर्द के लिए आई थी। डॉ. आर.के. सिंह की जांच में उसके गर्भवती होने का पता चला, जिसके कुछ देर बाद ही उसने एक स्वस्थ लड़के को जन्म दिया। लड़की के रिश्तेदार ने बताया कि बच्चे को जन्म देने वाली लड़की नाबालिग है, जिसकी उम्र करीब 16 साल बताई जा रही है। वह अपनी नानी के साथ रह रही थी, जिन्हें आंखों से ठीक से दिखाई नहीं देता है। क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान ने जानकारी दी कि संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने एक लिखित प्रार्थना पत्र के माध्यम से अविवाहित नाबालिग लड़की द्वारा नवजात शिशु को जन्म देने की सूचना दी थी। लड़की गिलौला थाना क्षेत्र की निवासी है। गिलौला थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच की। नाबालिग के परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं और उनका इलाज जारी है। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) से भी संपर्क किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/TSqYWKc
Leave a Reply