शुक्लागंज गंगापुल पर दो घंटे जाम:सड़क पर वाहन खराब हुआ, कानपुर-उन्नाव मार्ग की दोनों लेन पर कतारें
उन्नाव के शुक्लागंज स्थित नवीन गंगापुल पर सोमवार सुबह करीब दो घंटे तक भारी जाम लगा रहा। इस दौरान कानपुर-उन्नाव मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्कूल-कॉलेज के छात्र, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और अन्य राहगीर घंटों तक फंसे रहे। जाम सुबह करीब 9:30 बजे शुरू हुआ, जब कार्यालय और स्कूल के समय में वाहनों की संख्या बढ़ गई थी। पुल के बीचोंबीच एक वाहन खराब होकर खड़ा हो गया। इसके बाद पीछे से आ रहे वाहनों ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे पुल की दोनों लेनें अवरुद्ध हो गईं। कुछ ही मिनटों में गंगापुल से लेकर दही चौकी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पहले 2 तस्वीरें देखिए… जाम की सूचना मिलते ही शुक्लागंज थाने की पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। हालांकि, पुल के दोनों छोर पर देर तक वाहनों की धीमी आवाजाही जारी रही। जाम के कारण कई स्कूल बसें छात्रों को समय पर उनके गंतव्य तक नहीं पहुंचा पाईं। दफ्तर जाने वाले कई कर्मचारियों को अपने वाहन छोड़कर पैदल ही पुल पार करना पड़ा। एक राहगीर सुनील ने बताया कि वह सुबह शुक्लागंज से कानपुर के लिए निकले थे, लेकिन 10 बजे तक भी पुल पार नहीं कर पाए थे। उन्नाव से कानपुर की ओर जा रहे यात्रियों को भी इस दौरान काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गंगापुल पर अक्सर, खासकर कार्यालय और स्कूल के समय, जाम की स्थिति बन जाती है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि पुल पर सुबह-शाम अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और भारी वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित किया जाए। इस संबंध में यातायात प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि एक ट्रक के खराब होने के कारण अस्थायी रूप से जाम की स्थिति बनी थी। उन्होंने बताया कि खराब वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कर दिया गया है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/cPiQKbE
Leave a Reply