ललितपुर में MP की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:बहन बोली- ससुराल वाले चरित्र पर आरोप लगा रहे थे, किया सुसाइड
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की एक महिला की ललितपुर मेडिकल कॉलेज में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में रात 12 बजे अस्पताल पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, महिला ने कीटनाशक दवा का सेवन किया था। मृतका की पहचान अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना अंतर्गत ग्राम टोडा बारी निवासी 28 वर्षीय सावित्री पत्नी बलराम के रूप में हुई है। शनिवार रात गंभीर हालत में उन्हें ललितपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया था। मृतका के पति बलराम ने बताया कि शनिवार शाम को उनकी पत्नी ने घर में कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया था, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल चंदेरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर रेफर कर दिया गया। वहीं, मृतका की बड़ी बहन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि सावित्री चार बहनों में दूसरे नंबर पर थी और उसकी शादी सात साल पहले बलराम से हुई थी। वह तीन महीने से गर्भवती थी। बहन के अनुसार, ससुराल वाले सावित्री के चरित्र पर लगातार सवाल उठा रहे थे, जिससे क्षुब्ध होकर उसने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/LYRDiSw
Leave a Reply