लखनऊ में आज दिनभर रहेगी धूप-छांव की स्थिति:दर्ज किया जा रहा सामान्य से अधिक तापमान, सितंबर में जुलाई जैसी हो रही गर्मी

लखनऊ में आज दिन में धूप-छांव की स्थिति रहेगी। लगातार कई दिनों से तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसके चलते उमसभरी गर्मी का दौर बना हुआ है। जुलाई जैसी गर्मी का अहसास लोगों को हो रहा है। इस दौरान सड़क पर आवाजाही करने वाले लोग विशेष सावधानी भी बरत रहे। हालांकि, दिन में सुबह के समय चल रही हल्की ठंडी हवा से थोड़ी राहत भी मिल रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाएगा। शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 1.2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री रहा। यह सामान्य तापमान से 3.8 डिग्री अधिक रहा। दिन में 3.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 91 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 67 फीसदी रही। दिन में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल होते रहे। 30 सितंबर से लखनऊ में बारिश के आसार मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक लखनऊ समेत इसके आसपास के इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं। इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की संभावना है। 30 सितंबर तक मानसून के पूर्वी यूपी से लौटने की संभावना भी मौसम विभाग की तरफ से जताई गई है। लखनऊ में अभी तक मानसून में करीब 665 मिलीमीटर बरसात हुई है। यह सामान्य से 1 फीसदी कम है। इस दौरान सामान्य बरसात का औसत 675 मिलीमीटर रहा है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/ZAYn2ro