लखनऊ में 2 लाख स्क्वायर फीट में मां का पंडाल:3 माह से बंगाल के 54 कारीगर दे रहे भव्य आकार, विराजेंगी 18 फीट की इको फ्रेंडली देवी

लखनऊ में दुर्गा पूजा की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। शहर में अलग-अलग जगह पर भव्य पंडाल सज रहे हैं। जानकीपुरम में सबसे बड़ा पंडाल तैयार हो रहा है। जानकीपुरम सेक्टर ई के दुर्गा पार्क में 105 फीट ऊंचा, 100 फीट लंबा और 115 फीट चौड़ा पंडाल बन रहा है। आयोजकों का दावा है कि यह भारत का सबसे बड़ा पूजा पंडाल है। करीब 2 लाख स्क्वायर फीट में फैले यह पंडाल बाहर से पैगोडा शैली और भीतर से लॉस एंजेलिस के स्वामी नारायण मंदिर की भव्यता को दिखाएगा। पूजा पंडालों की 4 तस्वीरें देखिए… 3 महीने निरंतर चल रहा है काम आयोजकों ने बताया कि 3 जुलाई को भूमि पूजन हुआ था। जब से लगातार काम जारी है। पश्चिम बंगाल से विशेष कारीगर आए हैं, जो इसे आकार दे रहे हैं। 54 कारीगर दिन-रात की मेहनत से इसे तैयार कर रहे हैं। पूरे पंडाल को तैयार करने में 3 महीने का समय लग जाता है। पंडाल बाहर से बिल्कुल सफेद रंग का संगमरमर के रूप में नजर आ रहा है। 31 सालों से हो रहा है आयोजन उत्सव पूजा समिति ने बताया कि 1995 से इसकी शुरुआत की थी। यह 31वां आयोजन है। अनिल दूबे ने बताया कि पहले पंडाल इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास सजता था, लेकिन अब इसे जानकीपुरम शिफ्ट किया गया है। यहां सिर्फ पूजा ही नहीं, बल्कि किड्स जोन, फूड स्टॉल और झूले भी होंगे, ताकि यह महोत्सव हर उम्र के लिए खास बने। उत्सव में आने वाले सभी लोगों की आस्था का विशेष ध्यान रखा जाता है। इको-फ्रेंडली मां दुर्गा के साथ ब्रह्मोस का होगा नजारा पंडाल में 18 फीट ऊंची इको-फ्रेंडली मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस खास प्रतिमा को भी बंगाल के कारीगर रूप दे रहे हैं । पंडाल में थर्माकोल से बना भव्य ब्रह्मोस मिसाइल मॉडल और उसके पास सेल्फी प्वॉइंट बनेगा, जहां श्रद्धालु खूबसूरत लम्हों को कैमरे में कैद कर सकेंगे। 15 दिनों तक चलेगा उत्सव अनिल दूबे ने बताया कि 22 सितंबर से उत्सव की शुरुआत होगी। 6 अक्टूबर को समापन होगा। 15 दिनों तक ये उत्सव चलेगा। 6 अक्टूबर को को लक्ष्मी का पूजन किया जाएगा। पंडाल को इस तरह से डिजाइन कराया जा रहा है कि मां दुर्गा की मूर्ति के विसर्जन के बाद पंडाल में ठीक पीछे रखी गई, मां लक्ष्मी की मूर्ति प्रकट होगी और पूजन शुरू हो जाएगा। उत्सव से संबंधित सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर