लंदन के मेयर राजकुमार ने मिर्जापुर में रामलीला देखी:गृह जनपद में बोले- भाषा कोई बाधा नहीं, मेहनत-शिक्षा से कुछ असंभव नहीं

लंदन के बेलिंगबौरी शहर के मेयर राजकुमार मिश्र अपने गृह जनपद मिर्जापुर पहुंचे। अकोढ़ी गांव में रामलीला मंच पर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाषा कोई बाधा नहीं है और मेहनत व शिक्षा से कुछ भी असंभव नहीं है। मेयर मिश्र ने बताया कि उन्होंने इंटर तक की पढ़ाई जिले में ही हिंदी माध्यम से की थी। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि आप लगन से पढ़ाई करते हैं, तो कोई भी आपको आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता। शिक्षा और मेहनत आपको वह सब कुछ दिला सकती है जो आप चाहते हैं। छानबे विकास खंड के भटेवरा गांव के मूल निवासी राजकुमार मिश्र ने अपनी मेहनत और लगन से लंदन में एक नया मुकाम हासिल किया है। उन्होंने लंदन से एमटेक की पढ़ाई की, वहीं नौकरी शुरू की और पांच साल में ब्रिटेन की नागरिकता भी प्राप्त कर ली। वह वर्तमान में बेलिंगबौरी शहर के मेयर हैं। प्रतापगढ़ में हुई है शादी विदेश में रहने के बावजूद उन्होंने भारतीय संस्कारों को नहीं छोड़ा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में विवाह किया। उनकी पत्नी अभिषेकता मिश्रा भी इंजीनियर हैं और दोनों लंदन में कार्यरत हैं। राजकुमार मिश्र लेबर पार्टी से मेयर बने हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि विकास के लिए भाषा कोई बाधक नहीं है। आपकी शिक्षा गांव में हुई हो या शहर में, कोई स्कूल बड़ा या छोटा नहीं होता। यदि आपने मेहनत से पढ़ाई की है तो आपको वह सब कुछ मिल जाएगा जो आप चाहते हैं। रामलीला मंच पर रामकृष्ण पाण्डेय, संतोष तिवारी, तीर्थराज सिंह, नागेंद्र पाण्डेय, वेद प्रकाश मिश्र, ओपी सिंह, देवेंद्र तिवारी और भुवनेश्वर तिवारी सहित कई ग्रामीणों ने अंग वस्त्रम भेंट कर मेयर का स्वागत किया।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/w8JdrKU