रन फॉर एम्पावरमेंट एंड यूनिटी वूमेन मैराथन:मिशन शक्ति के तहत सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश
अंबेडकरनगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ जागरूकता अभियान के तहत ‘रन फॉर एम्पावरमेंट एंड यूनिटी – वुमेन मैराथन’ का आयोजन किया। 9 अक्टूबर 2025 को आयोजित यह मैराथन पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को मजबूत करने के उद्देश्य से हुई। यह आयोजन रिजर्व पुलिस लाइन, अकबरपुर से प्रारंभ हुआ। इसमें बी.एन. इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं और शिक्षिकाओं, स्वास्थ्य विभाग की महिलाओं, बालिकाओं, युवतियों तथा सामाजिक महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नवरात्रि के अवसर पर शुरू होकर 30 दिनों तक चलने वाला यह अभियान महिलाओं के प्रति हिंसा, शोषण और असुरक्षा की घटनाओं को रोकने तथा उन्हें सशक्त बनाने पर केंद्रित है। पहले 2 तस्वीरें देखिए… मैराथन के माध्यम से समाज में महिला सशक्तिकरण का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया। प्रतिभागियों ने ‘महिलाओं का सम्मान, राष्ट्र का अभिमान ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और ‘मिशन शक्ति से सशक्त नारी’ जैसे नारों के साथ दौड़ लगाई। उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की, जो लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय कर रिजर्व पुलिस लाइन पर समाप्त हुई। आयोजन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, जिसमें युवा बालिकाओं को विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार दिए गए। इस अवसर पर मिशन शक्ति प्रभारी महिला उप निरीक्षक शिवांगी त्रिपाठी ने संबोधित करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास की कुंजी है। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति के माध्यम से जागरूकता फैलाने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और आर्थिक स्वावलंबन के उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस मैराथन में जनपद के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, एनजीओ और पुलिस कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही, जो मिशन शक्ति के मूल मंत्र सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को साकार करने में सहायक सिद्ध हुई। मैराथन में प्रतिभाग कर रही समस्त बालिकाओं व महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/VozdvYC
Leave a Reply