युवा पीढ़ी को गीता जान से जोड़ने का अभियान:श्रीमद्भागवत गीता के संदेश से राष्ट्र निर्माण का संकल्प, राष्ट्र निर्माण के प्रेरक सम्मानित

प्रयागराज में सनातन एकता मिशन ने राष्ट्र निर्माण अभियान के तहत श्रीमद्भागवत गीता ज्ञान यज्ञ सम्मान समारोह का आयोजन किया। गोल्डन जुबली इंटर कॉलेज सभागार में हुए इस कार्यक्रम में शिक्षा, समाज सेवा और प्रशासनिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। मिशन के अध्यक्ष अशोक कुमार पाठक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि राष्ट्र निर्माण अभियान के तहत उनका मिशन लगातार स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों को श्रीमद्भागवत गीता के उपदेशों से जोड़ रहा है। पिछले दो महीनों में 30 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों में गीता पर व्याख्यान दिए जा चुके हैं। पाठक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के 700 श्लोकों में जीवन का सार बताया है, जो विशेष रूप से युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक गीता का ज्ञान पहुंचाना और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। समारोह में संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) आर.एन. विश्वकर्मा, डीआईओएस पी.एन. सिंह, डायट प्राचार्य राजेंद्र प्रताप, एसीपी दारागंज विमल कुमार मिश्रा, सेवानिवृत्त आईएएस मुन्नीलाल पांडेय, कॉलेज प्रबंधक अमित नियोगी और प्राचार्या सुष्मिता कानूनगो को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्रृंगवेरपुर पीठाधीश्वर जगतगुरु नारायणाचार्य स्वामी शांडिल्य जी महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यूपी बोर्ड के अपर सचिव सत्येंद्र कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। इसके अतिरिक्त, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सचिन यादव, डॉ. हरि प्रकाश यादव, डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी, राजीव मिश्रा, रूचि अभिषेक तिवारी और लोक गायक मनोज गुप्ता सहित कई अन्य विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और गीता प्रचार के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित अतिथियों और छात्रों ने भारत को वैचारिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/LJkB0Uf