मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि:देवरिया में संदेश यात्रा निकाली, फल वितरित हुए
देवरिया में समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि शुक्रवार को मनाई गई। इस अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। बरहज विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धांजलि सभा के साथ ‘मुलायम संदेश यात्रा’ निकाली गई, जबकि जिला मुख्यालय पर वृद्धाश्रम में फल वितरण किया गया। बरहज में सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में ‘मुलायम संदेश यात्रा’ का आयोजन किया गया। यह यात्रा बरहज नगर से शुरू हुई, जिसे सपा नेता जय प्रकाश सिंह और रामेश्वर यादव ने झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा बरहज के मुख्य चौक, ब्लॉक कार्यालय और पैना होते हुए देवरिया बाईपास तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘नेताजी अमर रहें’ के नारे लगाए। इस अवसर पर सपा नेताओं ने मुलायम सिंह यादव के आदर्शों को याद किया। सपा नेता विजय रावत ने कहा कि नेताजी ने हमेशा गरीब, किसान और नौजवानों की आवाज उठाई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख जय प्रकाश सिंह ने बताया कि नेताजी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं था, उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने का काम किया। सपा नेता रामेश्वर यादव ने नेताजी के नारे ‘रोजी रोटी सस्ती हो, दवा-पढ़ाई मुफ्त हो’ को समाजवादी पार्टी की पहचान बताया।
विजय रावत ने कहा कि नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नेताजी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जिला मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी आयोजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वृद्धाश्रम में फल वितरित किए। कार्यक्रमों के अंत में नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सपा नेता पंकज यादव, अमित प्रधान, दिनेश यादव, सत्येंद्र सत्या, अजीत कुमार, सनोज यादव, कृष्ण नंद, विकास यादव, देवानंद, अर्बन कुमार, अनिश शर्मा, रामसजन यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/GXUfzoO
Leave a Reply