मिशन शक्ति के तहत 64 महिलाओं काे मिला सम्मान:छात्राओं को दिए आत्मरक्षा के गुर, स्कूल की छात्राओं को थानों कराया गया भ्रमण

पुलिस कमिश्नरेट आगरा ने शनिवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में “मिशन शक्ति-5” के अंतर्गत भव्य महिला सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार (आईपीएस) के निर्देशन और वामा सारथी कमिश्नरेट के सहयोग से हुए इस आयोजन में प्रदेश की मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान और जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया मुख्य रूप से मौजूद रहीं। तो वहीं अभियान के अंतर्गत विभिन्न परिषदीय विद्यालयों की छात्राओं को थानों और पुलिस चौकियों का भ्रमण कराया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा सूरसदन कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। पुलिस मॉडर्न स्कूल, होली पब्लिक, जॉन मिल्टन और क्वीन विक्टोरिया पब्लिक स्कूल के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। पूरे हॉल में उत्साह और जोश का माहौल छा गया। 64 महिलाओं का हुआ सम्मान कार्यक्रम में समाजसेवा, शिक्षा, चिकित्सा, मीडिया, पुलिस और अन्य क्षेत्रों में योगदान देने वाली 64 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें – 21 महिलाएं : विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य हेतु, 15 महिलाएं : समाज कल्याण/महिला सशक्तिकरण पर विशेष योगदान हेतु, 17 महिला पुलिसकर्मी : उत्कृष्ट सेवाओं के लिए, 08 महिला पुलिसकर्मी : डायल 112 पीआरवी टीम, 03 महिला पुलिसकर्मी : यातायात विभाग से सहित सभी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं के लिए मिशन शक्ति केंद्र पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि कमिश्नरेट आगरा के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं। यहां महिलाओं को 360° काउंसलिंग, कानूनी सलाह, मनोवैज्ञानिक सहयोग और सुरक्षा से जुड़े मार्गदर्शन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए विशेष स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) भी तैयार किया गया है। योजनाओं और हेल्पलाइन की जानकारी कार्यक्रम में महिलाओं को सरकारी योजनाओं – बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगल, जननी सुरक्षा, बाल सेवा योजना, विधवा पेंशन आदि के बारे में बताया गया। साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए गए – 112 : पुलिस, 1090, 181 : महिला हेल्पलाइन, 1098 : बाल हेल्पलाइन, 1076 : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1930 : साइबर अपराध प्रदर्शनी भी रही आकर्षण का केंद्र सूरसदन परिसर में विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें बाल विकास, स्वास्थ्य, ग्राम विकास, समाज कल्याण और पुलिस की मिशन शक्ति व साइबर सेल ने स्टॉल लगाए। आगंतुकों ने इनका अवलोकन किया और फोटो भी खिंचवाए। नारी सम्मान ही समाज उत्थान मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन ही समृद्ध समाज की नींव है। वहीं, कार्यक्रम के अंत में अपर पुलिस उपायुक्त (प्रोटोकॉल) व नोडल मिशन शक्ति पूनम सिरोही ने सभी अतिथियों का आभार जताया। छात्राओं ने सीखे कानूनी अधिकार और महिला सुरक्षा उपाय मिशन शक्ति-5.0 विशेष अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों की छात्राओं को थानों और पुलिस चौकियों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों (112, 1090, 181, 1098 आदि) की जानकारी दी गई। छात्राओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा तकनीकों और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। महिला पुलिस अधिकारियों ने उन्हें निडर होकर अपने अधिकारों का उपयोग करने, समस्याओं के समय तुरंत पुलिस से संपर्क करने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है, ताकि वे भविष्य में किसी भी परिस्थिति का सामना दृढ़ता से कर सकें।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/2puNh0g