मिशन शक्ति का पांचवां चरण शुरू:20 सितंबर से 21 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 200 शिकायत पेटिकाएं लगेंगी
उत्तर प्रदेश में शारदीय नवरात्र के मद्देनजर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति का पांचवां चरण 20 सितंबर से शुरू हुआ। गाजीपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में जखनिया विधायक बेदीराम और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल की मौजूदगी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन के बाद अभियान की शुरुआत हुई। यह अभियान 21 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। पहले 3 तस्वीरें देखिए… जखनिया विधायक बेदी राम ने बताया कि यह कार्यक्रम साल 2020 से प्रदेश में चल रहा है। इस मिशन के तहत महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। मुख्य उद्देश्य है कि महिलाएं कहीं भी खुद को असुरक्षित महसूस न करें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। इससे भय मुक्त और अपराध मुक्त समाज का निर्माण हो रहा है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना है। साथ ही इन योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। अभियान के तहत महिला बीट प्रणाली को मजबूत किया जाएगा। महिला आरक्षी बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त करेंगी। युवतियों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल फ्रॉड से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में जनपद में महिला संबंधी अपराधों में कमी आई है। एक नई पहल के तहत जनपद के सभी विद्यालयों में 200 शिकायत पेटिकाएं लगाई जाएंगी। इन पर संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी का मोबाइल नंबर होगा। शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखी जाएगी और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply