बुलंदशहर में विजयादशमी पर रावण दहन:53 स्थानों पर मना दशहरा, सांसद-विधायक रहे मौजूद

बुलंदशहर में विजयादशमी के पावन पर्व पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान पूरा जिला प्रभु श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। आतिशबाजी के साथ असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश दिया गया। रावण दहन को भ्रष्टाचार, अपराध, रोग, मोह, गंदगी, लालच, अन्याय, आतंकवाद, महिला उत्पीड़न और अत्याचार जैसी दस बुराइयों के प्रतीक के रूप में देखा गया। जिले में कुल 53 स्थानों पर दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इन स्थानों पर मेले भी लगे, जहां व्यंजन और अन्य दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। नगर के नुमाइश मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद भोला सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान और सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने रावण दहन किया। इस अवसर पर सांसद भोला सिंह ने कहा कि असत्य पर सत्य की जीत मनाने के साथ ही लोगों को स्वयं में बदलाव लाना होगा। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने अंदर छिपी बुराइयों का अंत करने का आह्वान किया, तभी दशहरा पर्व का अर्थ सार्थक होगा। जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि बुराई को सहने वाला और देखने वाला भी उतना ही जिम्मेदार है जितना उसे करने वाला। उन्होंने सभी से देश और समाज में फैली बुराइयों को दूर करने के लिए आगे आने का आग्रह किया।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/fbl8O67