बुलंदशहर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत:फांसी के फंदे से लटककर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
शिकारपुर अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के मुमरेजपुर गांव में बुधवार की शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान रश्मि के रूप में हुई है, जो सचिन पुत्र सोमवीर सिंह की पत्नी थी। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, रश्मि छत पर बने कमरे में पाइप से चुनरी के सहारे लटकी मिली। जब उसके पति सचिन ने ऊपर जाकर देखा तो कमरा अंदर से बंद था। आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर सचिन ने परिजनों को बुलाया। दरवाजा तोड़ने पर रश्मि को फांसी के फंदे पर मृत पाया गया। परिजन उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के ससुर सोमवीर सिंह ने रश्मि के मायके वालों को घटना की सूचना दी। बताया जा रहा है कि रश्मि की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी। उसका मायका कासगंज जिले के अमापुर थाना क्षेत्र के कछेला गांव में है। घटना की सूचना मिलते ही अहमदगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद शर्मा और शिकारपुर सीओ मधुप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। नायब तहसीलदार और पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शिकारपुर सीओ मधुप कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों (ससुराल पक्ष) की ओर से अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि, मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/Z7RW31G
Leave a Reply