बारिश में कच्चा मकान गिरने से 5 लोग घायल:धानापुर में ग्रामीणों ने मलबे से बाहर निकाला, दो गंभीर, अस्पताल में भर्ती
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में शुक्रवार तड़के बारिश के कारण एक कच्चा मिट्टी का मकान ढह गया। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में 30 वर्षीय शैलेंद्र कुमार और 62 वर्षीय राजदेई देवी शामिल हैं। उन्हें धानापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों में 12 वर्षीय शुभम कुमार, 11 वर्षीय नेहा और 4 वर्षीय दिव्यांश शामिल हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शी सुबास राम ने बताया कि शुक्रवार भोर करीब 3 बजे उनके चाचा कटवारू राम का कच्चा मकान तेज आवाज के साथ ढह गया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। ग्रामीणों ने बताया कि नौली गांव में अभी भी लगभग आधा दर्जन परिवार कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं, क्योंकि उन्हें अब तक सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। उनका आरोप है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा गरीबों को आवास उपलब्ध कराने के निर्देशों के बावजूद, सरकारी योजनाएं उन तक नहीं पहुंच पा रही हैं। ग्रामीणों का कहना था कि यदि उन्हें आवास मिला होता तो यह घटना नहीं होती। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। पात्र लाभार्थियों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में दर्ज कर उन्हें जल्द ही आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/GoKb6nt
Leave a Reply