बाबा मनकामेश्वर रामलीला महोत्सव में निकली राम बारात:भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंजा आगरा का दिगनेर शमशाबाद रोड
आगरा में चल रहे बाबा श्री मनकामेश्वर रामलीला महोत्सव के पांचवें दिन शुक्रवार को गढ़ी ईश्वरा, दिगनेर शमशाबाद रोड से भव्य राम बारात निकाली गई। करीब 5 किलोमीटर लंबे मार्ग में हजारों भक्त शामिल हुए और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। राम बारात का शुभारंभ गुरु स्थान पर हुआ। चारों भाइयों—राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों ने पूजन किया। विश्वामित्र के स्वरूप में श्रीमहंत योगेश पुरी ने घुड़चढ़ी करवाई और स्वरूपों को मिष्ठान खिलाया। उन्होंने कहा—राम बारात केवल शोभायात्रा नहीं, बल्कि मर्यादा, सेवा और समरसता का संदेश है। गांव-गांव हुआ स्वागत मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया। महिलाओं ने घरों के बाहर रंगोली बनाई, तोरण द्वार सजाए और फूलों से रास्ता सजाया। ग्रामीणों ने सुबह से ही सड़कें बुहारकर स्वच्छ कीं ताकि बाराती नंगे पांव आराम से चल सकें। घर-घर में पकवान बने और बच्चों ने नए वस्त्र धारण किए। 24 से अधिक झांकियां बनीं आकर्षण मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि इस बारात में 24 से ज्यादा झांकियां शामिल थीं, जिनमें विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति दिखी। श्रीमनकामेश्वर बाल विद्यालय के बच्चों ने जीवंत झांकियां प्रस्तुत कीं। खास आकर्षण रहा इंटरनेशनल ताइक्वांडो मास्टर पंकज शर्मा के निर्देशन में बालिकाओं द्वारा नारी सशक्तिकरण का संदेश। सेवा और भक्ति का आयोजन इस महोत्सव में बैंड दलों ने निशुल्क सेवा दी। श्रवण गंगा समिति की ओर से श्रद्धालुओं को प्रतिदिन बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। पूर्णिमा पर सोरों तक गंगा स्नान हेतु बस सेवा भी होगी। हर बाराती के सिर पर साफा बंधा था और उत्साह ऐसा था मानो सचमुच भगवान राम की बारात में चल रहे हों। कार्यक्रम में पीएल शर्मा, संतोष शर्मा और पूर्व विधायक काली चरण सुमन मौजूद रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/ZPy6Xeh
Leave a Reply