फ्लाईओवर पर मिले शव की हुई शिनाख्त:मृतक राजू सिंह गोरखपुर का निवासी, सब्जी विक्रेता था

प्रयागराज में सिविल लाइंस फ्लाईओवर पर सड़क हादसे में जान गंवाने वाले राजू सिंह के शव की पहचान पांच दिन बाद हुई है। गोरखपुर निवासी राजू का शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा था। इसकी शिनाख्त सोमवार को उसके ससुर ने की। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार किया गया। राजू सिंह (38) मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला था। लगभग 15 साल पहले वह प्रयागराज आकर बस गया था। यहां उसने सोरांव के बरईशिव गांव निवासी शंभू सिंह की बेटी तारा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद राजू अपने ससुराल में ही रहने लगा और बाद में फाफामऊ में किराए पर घर लेकर सब्जी का कारोबार शुरू किया। उसके परिवार में पत्नी तारा, बेटी सरिता और दो बेटे रौनक व शुभ हैं। घटना 30 सितंबर की रात की है, जब सिविल लाइंस फ्लाईओवर पर एक अज्ञात वाहन ने राजू को टक्कर मार दी थी। राहगीरों की मदद से उसे एसआरएन अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को उसके पास से एक आधार कार्ड मिला था, जिसके जरिए पहचान की कोशिश की गई, लेकिन शुरुआत में कोई परिजन नहीं मिल सका। धरनास्थल चौकी प्रभारी विनय तिवारी ने आधार कार्ड पर दर्ज पते के आधार पर बरईशिव गांव पहुंचकर पड़ताल की। हालांकि, गांव के प्रधान समेत कोई भी राजू को पहचान नहीं पाया। पांच अक्टूबर को पुलिस दोबारा गांव पहुंची और ग्रामीणों को राजू की तस्वीरें दिखाईं। इसके बाद वह उसके ससुराल वालों तक पहुंच सकी। राजू के ससुर शंभू सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस में शव की पहचान की। इसके बाद मंगलवार को उसका अंतिम संस्कार कराया गया।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/FHUlTiv