प्रयागराज में पति-पत्नी का 24 घंटे में निधन:पत्नी के अंतिम संस्कार के अगले दिन पति ने भी तोड़ा दम

प्रयागराज के मेजा तहसील के खौर गांव में एक दंपति ने जीवन और मृत्यु में भी साथ निभाया। शांति देवी (86) का मंगलवार को निधन हो गया। उनके पति शिवशंकर यादव (88) ने अगले दिन बुधवार की सुबह अंतिम सांस ली। शांति देवी का अंतिम संस्कार मंगलवार को सिरसा के छतवा गंगा घाट पर किया गया। उनकी मृत्यु के महज 24 घंटे बाद ही उनके पति शिवशंकर यादव भी इस दुनिया को अलविदा कह गए। शिवशंकर यादव ने मध्यम वर्गीय पृष्ठभूमि से आते हुए कड़ी मेहनत से अपने परिवार को स्थापित किया। इस यात्रा में उनकी पत्नी शांति देवी का साथ हमेशा रहा। दंपति के चार बेटे हैं – राज बहादुर यादव, विजय बहादुर यादव, इन्द्रदेव यादव और राजदेव यादव (राजू)। परिवार में 11 पोते-पोतियां हैं। कुछ पोतों की शादी हो चुकी है और उनके भी बच्चे हैं। गांव के लोगों के लिए यह दंपति प्रेम और समर्पण का प्रतीक बन गया है। उनका मानना है कि दोनों एक संपूर्ण परिवार को देखकर ही इस दुनिया से विदा हुए। दंपति के बीच का यह अटूट बंधन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर