प्रयागराज में 15 दिन बाद बदला मौसम का मिजाज:झमाझम बरसात से मिली राहत, कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित

प्रयागराज में सोमवार दोपहर का मौसम अचानक बदल गया। आसमान में घुमड़ते बादलों के साथ तेज हवाएँ चलीं और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 15 दिनों बाद हुई इस जोरदार बरसात ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या ने लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी। बारिश के चलते कई निचले क्षेत्रों में पानी भर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। दोपहर के समय स्कूल से छुट्टी के बाद लौट रहे बच्चों को भी काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। वहीं बारिश ने ट्रैफिक व्यवस्था को भी प्रभावित किया और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुँचने में देरी हुई। हालांकि, किसानों के लिए यह बरसात संजीवनी साबित हो रही है।आ खेतों में खड़ी धान की फसल के लिए यह पानी बेहद लाभकारी माना जा रहा है। स्थानीय नागरिक भी इस बारिश से खुश दिखाई दिए। प्रयागराज निवासी दीपा घोष ने कहा बहुत दिनों बाद आज बारिश हो रही है। उमस और ह्यूमिडिटी से हम सब परेशान थे। दुर्गा पूजा का कार्यक्रम आने वाला है, ऐसे में यह बारिश मौसम को ठंडा करेगी और त्योहार का मजा दोगुना कर देगी। हाँ, वायरल बीमारियाँ जरूर बढ़ रही हैं, लेकिन बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। वहीं दूसरी ओर, मोमी डे ने भी बारिश को राहतदायक बताया। उन्होंने कहा मौसम विभाग ने पहले ही बारिश की भविष्यवाणी की थी और वह सही साबित हुई। गर्मी और उमस से लोग परेशान थे। अब यह मौसम बहुत ही प्लेजेंट हो गया है। त्योहारों के मद्देनजर हम सब चाहते हैं कि मौसम में ठंडक बनी रहे ताकि दुर्गा पूजा और दशहरा का आनंद और भी बढ़ जाए। मौसम विभाग ने भी अगले तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। इसका मतलब यह है कि प्रयागराज के लोग आने वाले दिनों में और भी बारिश का लुत्फ उठा सकते हैं।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर