प्रयागराज नगर निगम में 9 महिला हेल्प डेस्क:महिलाओं को निगम संबंधी कामों में मिलेगी तुरंत राहत

प्रयागराज। मिशन शक्ति 5.0 के तहत प्रयागराज नगर निगम ने महिलाओं के लिए एक अहम पहल की है। अब नगर निगम से जुड़े कामकाज में महिलाओं को भीड़भाड़ और लंबी कतारों से निजात दिलाने के लिए निगम ने नौ विशेष महिला हेल्प डेस्क बनाने का निर्णय लिया है। सहायक नगर आयुक्त दीपशिखा पांडेय ने बताया कि इन हेल्प डेस्क से महिलाओं को हाउस टैक्स, दाखिल-खारिज और अन्य निगम संबंधी कार्यों में बड़ी राहत मिलेगी। महिलाओं को अब किसी भी तरह की परेशानी के समाधान के लिए सीधे इन डेस्क पर जाकर तुरंत सुविधा मिल सकेगी। ये महिला हेल्प डेस्क नगर निगम मुख्यालय के अलावा खुल्दाबाद, मुट्ठीगंज, कटरा, अल्लापुर, नैनी, झुंसी, फाफामऊ और सुलेमसराय जोन में स्थापित किए जा रहे हैं। यहां पर नियुक्त कर्मी महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनेंगे और त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा के मुताबिक, यह पहल न केवल महिलाओं को राहत देगी बल्कि उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं से सीधे तौर पर जोड़ते हुए सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/KotaUA1