पूर्व विधायक 3 साल बाद जेल से रिहा:कार्यकर्ताओं के सामने हुए भावुक, दुष्कर्म आरोपों पर छलका दर्द
एटा: अलीगंज विधानसभा से तीन बार विधायक रह चुके समाजवादी पार्टी के नेता रामेश्वर सिंह यादव तीन साल, तीन महीने और 14 दिन बाद जेल से जमानत पर रिहा हुए हैं। रविवार को जैथरा स्थित अपने आर एस कोल्ड स्टोर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वे भावुक हो गए और रो पड़े। उनका रोते हुए यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान पूर्व विधायक ने अपना दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि 75 वर्ष की उम्र में उन्हें बलात्कार जैसे मुकदमों में जेल भेजा गया, जबकि वे उन महिलाओं को जानते तक नहीं थे। उन्होंने बताया कि उनकी रिहाई 26 सितंबर को बेहद गोपनीय तरीके से हुई थी।रामेश्वर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि यदि उनकी रिहाई की खबर सार्वजनिक हो जाती, तो उन्हें और जुगेंद्र सिंह को जेल से बाहर नहीं निकलने दिया जाता। उन्होंने यह भी कहा कि उन पर कई ऐसे मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें शिकायतकर्ता महिलाओं से उनका कोई परिचय नहीं था। भावुक होकर उन्होंने कहा, “इन दुष्टों ने मुझे जिंदा रहने के काबिल नहीं छोड़ा। “पूर्व विधायक को रोते देख कार्यकर्ता कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए। बाद में उन्होंने ‘जिंदाबाद’ के नारे लगाकर रामेश्वर सिंह यादव का हौसला बढ़ाया। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव और उनके भाई रामेश्वर सिंह यादव को 26 सितंबर को दर्ज मुकदमों में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। न्यायालय से जमानत मिलने के बाद दोनों नेताओं को एटा जेल से रिहा कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं पर लगभग 100-100 मुकदमे दर्ज हैं। रामेश्वर सिंह यादव 5 अक्टूबर को जैथरा में कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/7M1eHhY
Leave a Reply