पीलीभीत में सपा ने कहा-बाढ़ प्रभावितों की अनदेखी:उपमुख्यमंत्री की यह यात्रा जनहित से अधिक निजी कारणों से प्रेरित
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को पीलीभीत के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष कार्यालय पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में भाग लिया, स्वामी प्रेम सुगंध महाराज से मुलाकात की और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। हालांकि, उनके इस दौरे को समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ने ‘निजी यात्रा’ बताते हुए निशाना साधा है।सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ने आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री का यह दौरा जनता से मिलने के बजाय निजी मुलाकातों तक सीमित था। उन्होंने कहा कि मौर्य पूरनपुर निवासी विभोर बत्रा उर्फ प्रेम सुगंध महाराज से मिलने पीलीभीत आए थे। 8 हजार की आबादी बाढ़ प्रभावित है जगदेव सिंह ने यह भी दावा किया कि विभोर बत्रा के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न जिलों में कई मुकदमे दर्ज हैं, और ऐसे व्यक्ति से उपमुख्यमंत्री की मुलाकात से जनता में गलत संदेश गया है।जगदेव सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और आमजन की मौजूदगी के बावजूद उपमुख्यमंत्री ने समस्याओं को लेकर पहुंचे लोगों से मुलाकात नहीं की। उन्होंने कहा कि पीलीभीत जिले की जनता बाढ़ से जूझ रही है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, लगभग 18 हजार की आबादी बाढ़ प्रभावित है और 37 गांव सूचीबद्ध किए गए हैं। कई पुल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और सड़क मार्ग बंद हैं। लेकिन उपमुख्यमंत्री ने किसी भी बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा नहीं किया। सपा जिलाध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि जनता की गंभीर समस्याओं और आपदाग्रस्त क्षेत्रों की अनदेखी कर दौरे को केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित रखना यह दर्शाता है कि उपमुख्यमंत्री की यह यात्रा जनहित से अधिक निजी कारणों से प्रेरित थी।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply