पीलीभीत किसान नेता को मारी गोली:बाहरी धान रोकने गए थे, BKU जिलाध्यक्ष को गोली लगी; राइस मिलरों पर आरोप
पीलीभीत जिले के सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात किसानों पर उस समय हमला हो गया जब वे बाहरी जिलों से लाए जा रहे धान की आवक रोकने पहुंचे थे।गढ़वा पुलिस चौकी के पास हुई इस घटना में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूंनी) के जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह को गोली लग गई। गोली उनके हाथ में लगी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। किसानों के मुताबिक, कुछ दबंग लोग धान से भरे ट्रैक्टर लेकर आए और उन्हें रोकने की कोशिश की गई। इसी दौरान उन लोगों ने ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की और फिर रणजीत सिंह पर गोली चला दी।गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी किसानों ने घायल रणजीत सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दो राइस मिलरों पर हमले का आरोप घायल रणजीत सिंह ने पुलिस चौकी पहुंचकर दो राइस मिलरों पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने तहरीर में कहा कि मिलर लगातार बाहरी जिलों से धान मंगवाकर जिले की मंडियों में कम दाम पर बिकवा रहे हैं, जिससे स्थानीय किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। रणजीत सिंह ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा- “राइस मिलरों के दबाव में पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही और न ही कोई कार्रवाई हो रही है।”उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो सभी किसान संगठन चक्का जाम आंदोलन करेंगे।किसान नेता ने सवाल उठाया,“अगर किसी यूनियन के जिलाध्यक्ष पर हमला हो सकता है, तो आम किसान कैसे सुरक्षित रहेगा?” किसानों में रोष, इलाके में तनाव घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। किसान संगठनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से किसान संगठन राइस मिलरों द्वारा कम दाम पर धान खरीदने और बाहरी जिलों से धान मंगवाने के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार को इसी विरोध के तहत किसान सीमाओं पर तैनात हुए थे, तभी यह हमला हुआ। पुलिस जांच में जुटी अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गढ़वा चौकी क्षेत्र में किसानों के दो गुटों के बीच विवाद और गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस ने कहा कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/VjpNfyS
Leave a Reply