नवमी पर कन्या भोज में कन्याओं की कमी:महिलाओं और कमेटी सदस्यों ने ‘बेटी बचाओ’ की अपील की

फतेहपुर जिले में नवरात्रि के नवमी पर्व पर कन्या भोज के लिए घरों, मंदिरों और दुर्गा पंडालों में पर्याप्त कन्याएं नहीं मिलीं। कन्याओं की तुलना में छोटे बच्चों की संख्या अधिक देखी गई। कन्याओं की कम संख्या देखकर मां दुर्गा के भक्तों ने लड़कियों के सम्मान, शिक्षा और भ्रूण हत्या रोकने की अपील की है। मंगलवार को नवमी के दिन शहर के पटेल नगर दुर्गा पंडाल में आयोजित कन्या भोज में भी छोटे बच्चों की संख्या अधिक रही। दुर्गा भक्त सौम्या ने इसे चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि लड़कियों और बच्चियों को अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं होता। हमें लड़के-लड़की के भेद को खत्म कर लड़कियों को अच्छी शिक्षा और सुरक्षा देनी होगी। सौम्या ने आगे कहा कि आज के समय में लड़कियां किसी से कम नहीं हैं। यदि उन्हें उचित शिक्षा मिले, तो वे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं और बना रही हैं। अंकिता सिंह राठौर और दुर्गा कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह उर्फ सोनू यादव ने कहा कि इस बार 10 दिन की नवरात्रि यह संदेश देती है कि कन्या भ्रूण हत्या बंद होनी चाहिए, तभी कन्याओं की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने दुख व्यक्त किया कि नौ दिन तक मातारानी की पूजा और कन्या भोज के बाद भी लड़कियों पर अत्याचार होने पर सब शांत रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज भी कन्या जन्म होने पर उन्हें नाले या तालाब में फेंक दिया जाता है। इसलिए सभी भक्तों को लड़कियों, महिलाओं और कन्याओं के सम्मान और रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। देखें दो फोटो

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/sCqknOR