देवरिया में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा निकली:नासिक के कलाकारों ने अपने प्रदर्शन से लोगों का मन मोहा, जुटी लोगों की भीड़
देवरिया में विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। हिंदू सम्राट दल समिति की अगुवाई में शहर की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों और क्लबों ने इस शोभायात्रा का आयोजन किया। इसमें देवी-देवताओं की भव्य प्रतिमाएं और झांकियां शामिल थीं, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। शोभायात्रा में मां दुर्गा, भगवान शिव, श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान सहित अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक मूर्तियों को बड़े वाहनों और ट्रालियों पर सजाया गया था। भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यह शोभायात्रा रामलीला मैदान, स्टेशन रोड, सिविल लाइन, राघव नगर, मालवीय रोड और रामपुर कारखाना रोड जैसे विभिन्न मार्गों से होते हुए छोटी गंडक नदी के घाट पर पहुंची, जहां मूर्तियों का विधिवत विसर्जन किया गया। इस अवसर पर नासिक (महाराष्ट्र) से आए बाम्बे ग्रुप के कलाकारों ने अपने अनोखे प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। टीम लीडर नरेश कुमार के नेतृत्व में कलाकारों ने ढोल की थाप पर ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत किया। ग्रुप के सदस्य आकाश, नभ खनलाला, विकास, भोला, महेश, विपिन, सुनील, अरुण और अर्जुन पारंपरिक महाराष्ट्रीय परिधानों में सजे थे और अपने लयबद्ध नृत्य से पूरे मार्ग पर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजी थीं और हाथों में नारियल व फूल लिए देवी का आशीर्वाद ले रही थीं। बच्चे और युवा ढोल की थाप पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरे रास्ते में “जय माता दी” के जयकारे गूंजते रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में हिंदू सम्राट दल समिति की पूरी टीम सक्रिय रही। कमेटी के प्रमुख सदस्यों में भरत कुमार मद्धेशिया, सुधीर गुप्ता रिंकू, दीपक गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, अमित वर्मा, रंजीत गुप्ता और मनोज मद्धेशिया शामिल थे। विसर्जन स्थल पर कड़ी प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था की गई थी, जिसमें कोतवाली पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मुस्तैद रहीं।
Curated by DNI Team | Source: https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/deoria/news/durga-idol-immersion-procession-took-place-in-deoria-136106396.html
Leave a Reply