देवरिया में गांधी जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि:माल्यार्पण किया, कृषि मंत्री बोले- आदर्शों को आत्मसात करें
देवरिया में सेवा पखवाड़ा के अंतिम दिन गुरुवार शाम को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी और भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत नगरपालिका परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने से हुई। इसके बाद सिंचाई विभाग चौराहे पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को नशामुक्ति तथा स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। नगर की सफाई व्यवस्था में विशेष योगदान देने वाले सफाई मित्रों को उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इन दोनों महापुरुषों ने सादगी, त्याग और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि “जय जवान, जय किसान” का नारा देकर शास्त्री जी ने भारत को नई ऊर्जा और शक्ति प्रदान की। उनके जीवन से हमें सदैव राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी अंतिम सांस तक राष्ट्र और समाज की सेवा में निष्काम कर्मयोगी की तरह सक्रिय भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श भावी पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष विजय दुबे, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य रितु शाही, जिला महामंत्री रविंद्र किशोर कौशल, जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा, नगरपालिका अध्यक्ष अलका सिंह, अभियान संयोजक अजय कुमार दुबे, अंकुर राय और अजय शाही सहित कई भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/FebTg8j
Leave a Reply