देवरिया के रजवाहा में मिला मगरमच्छ का बच्चा:वन विभाग ने छोटी गंडक नदी में छोड़ा, एक दिन नपं अध्यक्ष ने अपने घर पर रखा
देवरिया जिले के बसंतपुर धूसी के पास खजुरिया रजवाहा में रविवार शाम एक मगरमच्छ का बच्चा मिला। करीब डेढ़ फीट लंबे इस मगरमच्छ को पानी में तैरते देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पहले इसे सांप या मछली समझा गया, लेकिन जब यह पानी से बाहर निकला तो लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा को दी। सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित रजवाहा से बाहर निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे बच्चों और महिलाओं में डर का माहौल बन गया। कुछ ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने तुरंत वन विभाग को घटना की जानकारी दी। वन दरोगा ने उनसे मगरमच्छ के बच्चे को छोटी गंडक नदी में छोड़ने को कहा, लेकिन अध्यक्ष ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने जोर दिया कि यह कार्य वन विभाग के जिम्मेदार कर्मियों द्वारा ही किया जाना चाहिए ताकि जानवर को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके। इसके बाद अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा मगरमच्छ के बच्चे को अपने घर ले आए और उसे सुरक्षित स्थान पर रखवाया। वन दरोगा ने सोमवार को टीम भेजने का आश्वासन दिया था। सोमवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद मगरमच्छ के बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ की स्थिति की जांच की और सुनिश्चित किया कि वह पूरी तरह स्वस्थ है। इसके बाद वन कर्मियों ने उसे छोटी गंडक नदी में छोड़ दिया, जो उसका प्राकृतिक आवास है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि संभवतः बारिश और नहरों में बढ़े पानी के कारण यह मगरमच्छ आस-पास की नदियों से बहकर रजवाहा तक पहुंच गया होगा।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/aPMiqd0
Leave a Reply