डॉक्टर और आशा कार्यकर्ता में जमकर मारपीट:डॉक्टर ने मोबाइल तोड़ा तो आशा ने जड़ा थप्पड़, अल्ट्रासाउंड कराने पर हुआ झगड़ा

बिजनौर जिला महिला अस्पताल में एक महिला डॉक्टर और आशा कार्यकर्ता भिड़ गईं। डॉक्टर ने आशा का मोबाइल तोड़ दिया, जिसके बाद दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ने एक-दूसरे पर बदसलूकी और मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना गुरुवार की है, लेकिन वीडियो आज सामने आया। घटना के बाद डॉक्टर का कहना है कि ऐसे माहौल में काम करना मेरे लिए मुश्किल है। मुझे और स्टाफ को सुरक्षा दी जाए। वहीं, घटना से गुस्साई सैकड़ों आशा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को धरना दिया और नारेबाजी की। 2 तस्वीरें देखिए… अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला मंडावली सैदू ग्राम पंचायत के मौजा सुल्तानपुर टप्पा की आशा कार्यकर्ता सरिता गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अस्पताल पहुंचीं। उनके साथ 8 महीने की दो गर्भवती महिलाएं थी, जिनका अल्ट्रासाउंड होना था। सरिता के अनुसार, वह कई दिनों से इन महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल ला रही थीं। उनकी पर्ची भी बनवा चुकी थीं। सरिता ने आरोप लगाया कि गुरुवार को जब वह महिलाओं को अल्ट्रासाउंड कक्ष में ले गईं, तो वहां मौजूद स्टाफ और डॉक्टर ने दोबारा पर्ची बनवाकर लाने के लिए कहा। मैंने जब कहा कि 4 दिन पहले से पर्ची बनी है। मुझे रोज क्यों लौटाया जा रहा है? इस पर डॉक्टर ज्योति बालियान ने 200 रुपए की डिमांड की। मैंने कहा कि यहां सब फ्री में होता है, तो रुपए क्यों मांगे जा रहे हैं? इसके बाद दूसरी आशा कार्यकर्ता ज्योति ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की। इस पर डॉक्टर भी अपने स्टाफ के साथ बाहर आ गई और वीडियो डिलीट करने के लिए कहने लगी। मैंने मना किया, तो मेरा फोन लिया और तोड़ दिया। इसके बाद मारपीट की गई। इस घटना से आशा कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। उन्होंने अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। अब पढ़िए वीडियो में क्या दिख रहा
शनिवार को मारपीट का एक 49 सेकेंड का वीडियो सामने आया। इसमें पहले विवाद और कहासुनी होती दिखाई दे रही है। इसी दौरान, मोबाइल से वीडियो बना रही आशा के हाथ से डॉक्टर मोबाइल छीनकर नीचे फेंक देती हैं। वहां मौजूद एक अन्य महिला नीचे से मोबाइल उठाती दिख रही है। तभी आशा डॉक्टर को एक जोरदार थप्पड़ मारती है। इसके बाद डॉक्टर भी आशा पर कई थप्पड़ जड़ देती हैं। वीडियो में दोनों के बीच मारपीट होती दिख रही है। अन्य महिलाएं उन्हें अलग करने की कोशिश कर रही हैं। डॉक्टर बोलीं- हमें सुरक्षा दी जाए
वहीं, सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर ज्योति बालियान का कहना है कि वह रोज की तरह अल्ट्रासाउंड कर रही थी। मेरी एक सहयोगी भी साथ थी। इसी दौरान एक सरिता नाम की आशा जबरन अंदर घुस आई। अन्य मरीज पहले से लाइन में लगे थे। उनसे पहले अपने मरीज का अल्ट्रासाउंड कराने को कहने लगी। मैंने कहा कि जो लोग लाइन में लगे हैं, पहले उनका अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है। आपका इमरजेंसी केस नहीं है। इसके बाद आपका केस किया जाएगा। इससे नाराज होकर आशा बदतमीजी और मारपीट करने लगी। वीडियो बनाते हुए बाहर चली गई। वीडियो बनाते समय एक मरीज भी वहां था, जिसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। बोलीं- छीनाझपटी में मोबाइल गिरा
ज्योति बालियान ने कहा- मैं उसके पीछे-पीछे गई और वीडियो बनाने को मना किया। कहा कि अस्पताल में इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं। इस दौरान छीना-झपटी में उसका मोबाइल नीचे गिर गया। आशा ने पहले मेरे थप्पड़ मारा। इसके बाद मैंने भी अपना रिएक्शन दिया। आशा कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
डॉ. ज्योति बालियान ने कहा कि शनिवार को भी आशा कार्यकर्ताओं ने आकर नारेबाजी हमले की कोशिश की। अगर गार्ड न होते तो हम लोग आज हॉस्पिटल में होते। हमने पुलिस को शिकायत दे दी है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को भी दे दी गई है। अपनी सुरक्षा की मांग की है। ऐसे माहौल में काम करना हमारे लिए कठिन होगा। वहीं, 200 रुपए मांगने के आरोप को डॉक्टर ने झूठ बताया। उनका कहना है कि आशाएं खुद ही रुपए ऑफर करती हैं। कहती हैं कि पहले मेरा काम कर दो। मैं इन लोगों को कई बार मना कर चुकी हूं और वहां से भगा चुकी हूं। आज झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। —————————— यह खबर भी पढ़ें… विधायक रागिनी सोनकर का सिंगर अवतार, VIDEO, जौनपुर में गाया दिल है छोटा सा… उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी बेबाकी और कलात्मक अभिव्यक्ति के लिए चर्चित समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनका गाया गाना “दिल है छोटा सा, छोटी सी आशा…” सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जौनपुर जिले की मछली शहर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली यह नेत्र रोग विशेषज्ञ न केवल सदन की बहसों में अपनी तीखी शायरी से विपक्ष को घेरती हैं, बल्कि मंच पर अपनी मधुर गायकी से दर्शकों के दिलों को छू लेती हैं। पढ़ें पूरी खबर…

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/E8mbxhd