झांसी से लापता बच्चा मध्य प्रदेश में मिला:खेलते हुए मुंबई की ट्रेन में सवार हो गया था, GRP ने 500 सीसीटीवी देखकर खोजा
झांसी में 12 साल का कृष्णा स्टेशन पर खेलते-खेलते मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार हो गया। मां-बाप ने काफी तलाशी की लेकिन उसका पता नहीं चला। उन्होंने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई तो GRP बच्चे को ढूंढने में जुट गई। ट्रेन के रूट पर पड़ने वाले स्टेशनों के पांच सौ CCTV कैमरे खंगाले। इसके बाद बच्चे का सुराग मिल गया। शुक्रवार को जीआरपी ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी से बच्चे को बरामद कर लिया। उसे चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया है। बच्चे के घरवालों को भी सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद बच्चे को उन्हें सौंप दिया जाएगा। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला जीआरपी के एडिशनल एसपी सोहराब आलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया- राजू किराए के मकान में अपनी पत्नी, 12 साल के बेटे कृष्णा और 9 साल की बेटी लाली के साथ रहते हैं। 11 सितंबर को किराया न चुका पाने के चलते राजू और उनके परिवार को मकान मालिक ने घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह झांसी स्टेशन के यात्री शेड में रहने आ गया। 13 सितंबर को शाम लगभग 4 बजे राजू का बेटा कृष्णा और बेटी लाली खेलते-खेलते स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंच गए। यहां वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन से मुंबई के बांद्रा जाने वाली ट्रेन नम्बर 22195 खड़ी थी, जिसे शाम 4.50 बजे रवाना था। इसी बीच अनाउंसमेंट होने लगा कि झांसी से चलकर मुंबई जाने वाली बांद्रा एक्सप्रेस चलने को तैयार है। इसके बाद कृष्णा बहन को छोड़कर ट्रेन में जाकर बैठ गया। बहन बोली – भाई बार-बार मुंबई जाने की बात कहता था जब काफी देर तक कृष्णा नहीं मिला तो बहन लाली ने मां को इसके बारे में बताया। परिजन ने बेटे को बहुत खोजा लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने झांसी जीआरपी में बेटे के गुम होने की सूचना दी। जीआरपी ने केस दर्ज करने के बाद कृष्णा की बहन से पूछताछ की। बहन ने जीआरपी को बताया- भाई बार-बार मुंबई जाने की बात कहता था। उसने स्टेशन पर एक अंकल से मुंबई जाने वाली ट्रेन के बारे में पूछा था। उन्होंने बताया कि यही ट्रेन मुंबई जा रही है। इसके बाद उसे पता नहीं भाई कहां चला गया। कृष्णा बोला- मुंबई घूमने जा रहे थे जीआरपी के एडिशनल एसपी सोहराब आलम के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद दो टीमें बनाई गई थीं। एक टीम को मुंबई भेजा गया। दूसरी टीम को झांसी-बांद्रा एक्सप्रेस के रूट पर CCTV कैमरों की जांच में लगाया गया। दोनों टीमों ने मिलकर 150 घंटे तक लगभग 500 कैमरों को खंगाला। एक वीडियो में बच्चा मध्य प्रदेश के शिवपुरी में ट्रेन से उतरते हुए दिखाई दिया। वहां पर जीआरपी से बात करने पर पता चला कि कृष्णा जब स्टेशन पर उतरा तो उसे वहीं पर रोक लिया गया था। उसे जीआरपी की देखरेख में रखा गया था। झांसी से जीआरपी की टीम शिवपुरी पहुंची और बच्चे को लेकर आज वापस आ गई। बच्चे से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह मुंबई घूमने जा रहा था। एसपी ने बच्चे को खोजने वाली टीम को इनाम देने की घोषणा एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बच्चे को सही सलामत बरामद करने वाली टीम को इनाम देने की घोषणा की है। जांच टीम में थाना प्रभारी, उप निरीक्षक राहुल सिंह, उप निरीक्षक सुशील कुमार, उप निरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल वीर विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल मोहम्मद सोएब, कांस्टेबल पुष्पेंद्र पाल, कांस्टेबल सचिन द्विवेदी, कांस्टेबल अनिल कुमार और महिला कांस्टेबल प्रकांक्ष शामिल रही। …………… ये खबर भी पढ़ें… यूपी पुलिस को चैलेंज करने वाला रोहित गोदारा कौन?:दिशा पाटनी के घर फायरिंग कराई, मैकेनिक से बना फिरौती किंग बरेली में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के दो शूटर एनकाउंटर में मारे गए। इसके बाद रोहित गोदारा बौखला गया है। पढ़िए पूरी खबर
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply