झांसी में 60 करोड़ जुर्माना…फिर भी काम में ढिलाई:डेडलाइन खत्म होने के बाद भी 3 जल परियोजनाओं की रफ्तार ढीली

झांसी में जल जीवन मिशन की 3 परियोजनाओं का काम रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। हाल ये है कि कंपनी पर अब तक 60 करोड़ का जुर्माना लगाया जा चुका है। मगर काम में कोई तेजी नहीं आई। अधूरी परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के लिए कंपनी को अतिरिक्त मैन पावर लगाना था। मगर कंपनी ने मैन पावर भी नहीं बढ़ाई। इस वजह से अगले दो माह तक इस काम के पूरा होने की उम्मीद नहीं है। अफसरों का दावा है कि परियोजना की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है और समय सीमा में काम को पूरा कर लिया जाएगा। 2.09 लाख घरों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के जरिए 1,465 करोड़ रुपए से झांसी के 613 गांव के 2.09 लाख घरों तक पानी पहुंंचाया जाना है। इसकी 10 जल परियोजनाओं में गुलारा, बचावली, तिलैथा, बुढ़पुरा, कुरैचा, पुरवा व बढ़वार समेत सात परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि इमलौटा, बरथरी व टेहरका अभी अधूरी हैं। यह काम नई दिल्ली की बृजगोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के पास है। इस कंपनी को 286 गांव तक पानी पहुंचाना था। जल निगम अफसरों ने बताया कि करीब 550 करोड़ रुपए का काम कंपनी को दिया गया, लेकिन काम की रफ्तार काफी सुस्त रही। उसे मार्च 2024 तक काम पूरा करना था। समय सीमा खत्म हुए एक साल बीत गया। कंपनी अब तक काम पूरा नहीं कर सकी। समय पर काम पूरा न होने से 60 करोड़ का जुर्माना लग चुका है। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र कुमार का कहना है कि फर्म के काम न करने पर शासन ने जुर्माना लगाया है। अब काम में तेजी आई है। अगले दो माह में काम पूरा करा लिया जाएगा। 200837 घरों तक दिया जाना है कनेक्शन 10 ग्राम समूह जल परियोजना की मदद से 2,01,496 घरों में संयोजन होना है। प्रस्तावित संयोजनों के सापेक्ष 2,00,837 घरों में कनेक्शन किए गए। 1,44,607 घरों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। इस पेयजल योजना के जरिए 10 इंटेक वेल, 10 डब्ल्यूटीपी, 102 ओवरहेड टैंक, 67 सीडब्ल्यूआर समेत 5907.78 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई गई।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर