जिला जज, डीएम-एसपी ने जालौन कारागार का किया निरीक्षण:बंदियों को विधिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक, सुविधाओं का लिया जायजा
जालौन जिला कारागार का सोमवार को संयुक्त निरीक्षण किया गया। जिला न्यायाधीश सतीश चन्द्र द्विवेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, अपर जिला जज पारुल पंवार और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक खरे ने यह निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल परिसर का विस्तृत भ्रमण कर बंदियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रसोईघर, अस्पताल, वार्ड, परामर्श कक्ष और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान निर्देश दिए गए कि बंदियों को मानक के अनुसार पौष्टिक भोजन, शुद्ध पेयजल और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा समय पर उपलब्ध कराई जाए। जेल परिसर में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि सुधार का केंद्र भी है। इसलिए बंदियों के मानसिक और सामाजिक पुनर्वास के लिए विशेष प्रयास होने चाहिए। विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी साझा की गई और बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया। सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान पुलिस और जेल प्रशासन को नियमित गश्त एवं सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया और जेल अधीक्षक नीरज देव व उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि मानक व्यवस्था बनाए रखते हुए समय-समय पर सुधारात्मक पहलें जारी रहनी चाहिए।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/wBAcdpR
Leave a Reply