जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच झड़प:एटा में कोर्ट के आदेश पर रास्ता बंद करने को लेकर मारपीट, युवक घायल
एटा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के नगला गलू में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प हुई। मनोज पुत्र रामनिवास और अशोक पुत्र केरन सिंह के बीच निजी संपत्ति का विवाद न्यायालय में चल रहा था। न्यायालय ने मनोज के पक्ष में फैसला सुनाया। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में रास्ते पर दीवार का निर्माण किया गया। दीवार बनने के बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। झड़प में 23 वर्षीय शिवकुमार पुत्र अशोक कुमार के सिर में चोट आई। घायल शिवकुमार को एटा स्थित वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। घायल युवक की दादी उर्मिला ने पूर्व प्रधान पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रास्ता बंद होने से आवागमन और शौच जैसी बुनियादी जरूरतें प्रभावित होंगी। थाना प्रभारी कोतवाली देहात जितेंद्र पाल सिंह गौतम ने बताया कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई है। फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। कोर्ट की फीस जमा होने के बाद सुरक्षा मुहैया कराई गई थी।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply