चोर समझकर पीटा, फिर अपहरण कर युवक की हत्या:श्रावस्ती में 10 दिन पहले हुई थी पिटाई, अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार

श्रावस्ती में एक 35 वर्षीय युवक राजकुमार दुबे की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई है। परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने पहले उसे चोर समझकर पीटा था और फिर दोबारा अपहरण कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल यह घटना बीते 6 अक्टूबर को सामने आई, जब राजकुमार की मां निरहा दुबे ने पुलिस को उनके बेटे के अपहरण और हत्या की आशंका की सूचना दी। वहीं थाना नवीन मॉडर्न पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर गांव के बाहर एक खेत में एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी पहचान राजकुमार दुबे, निवासी बेलहा राघव के रूप में हुई। मृतक राजकुमार की मां शांति देवी के अनुसार, लगभग 10 दिन पहले राजकुमार दवा लेने घर से निकला था। उस दौरान कुछ लोगों ने उसे चोर समझकर पीटा था। वह घर लौट आया था, लेकिन अगले दिन उन्हीं लोगों ने उसे फिर पकड़ लिया था। हालांकि, ग्रामीणों के हस्तक्षेप से उस दिन राजकुमार की जान बच गई थी। मां का आरोप है कि बीते सोमवार को दोपहर में उन्हीं आरोपियों ने राजकुमार का फिर अपहरण कर लिया। उसे बुरी तरह पीटा गया और पास के ही एक खेत में मरणासन्न अवस्था में फेंक दिया गया। परिवार ने राजकुमार की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार रात को राजकुमार का शव गांव के पास एक खेत में मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे उसकी बेरहमी से पिटाई की पुष्टि होती है। पुलिस टीम ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। नामजद छह आरोपियों में से पांच को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/E39sW0Z