चित्रकूट दीपावली मेला, 30 लाख श्रद्धालु आने की उम्मीद:अंतरराज्यीय बैठक में तैयारियों की रूपरेखा तय

चित्रकूट दीपावली मेला 2025 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को आरोग्यधाम परिसर में अंतरराज्यीय बैठक आयोजित की गई। इस बार मेले में 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता रीवा कमिश्नर बी.एस. जामोद ने की। इसमें चित्रकूट जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, नगर पालिका के अधिकारी, राजस्व व पुलिस विभाग के आलाधिकारी उपस्थित रहे। मध्य प्रदेश से सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार और नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल भी शामिल हुए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। दोनों राज्यों के प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि दीपावली मेले के दौरान कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इस बार मेले के साथ-साथ चित्रकूट के विकास कार्यों को भी एजेंडे में रखा गया। अधिकारियों ने निर्णय लिया कि मेला क्षेत्र को बेहतर ढंग से सजाने के साथ-साथ स्थायी विकास कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/R73kUKg