चाचा की हत्या का आरोपी भतीजा गिरफ्तार:बोला- कुत्ता दबने पर कहासुनी हुई थी, सबने मुझको बुरा-भला कहा था

शाहजहांपुर पुलिस ने अपने चाचा प्रमोद सक्सेना की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में भतीजे विवेक सक्सेना को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 10 दिन पुराने विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया। यह घटना 5 अक्टूबर की रात सदर बाजार थाना क्षेत्र के बाड़ूजई प्रथम मोहल्ले में हुई थी। विवेक सक्सेना ने अपने चाचा प्रमोद सक्सेना को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे 10 दिन पुराना विवाद सामने आया है। आरोपी विवेक ने बताया कि घटना से करीब दस दिन पहले उसके पालतू कुत्ते की चाचा की कार से दबकर मौत हो गई थी। इस बात को लेकर उसकी और उसके छोटे चाचा प्रदीप की कहासुनी हुई थी। विवेक के अनुसार, विवाद के दौरान उनके बड़े चाचा भी वहां पहुंच गए और उन्होंने उसे बुरा-भला कहा। विवेक को यह बात बहुत बुरी लगी और उसने तभी से चाचा प्रमोद से रंजिश मान ली थी। परिवार के अन्य सदस्यों ने उस समय मामला शांत करा दिया था। 5 अक्टूबर की रात विवेक ने चाचा प्रमोद को देखकर गाली दी। इसके बाद उसने तमंचे में कारतूस लोड किया और प्रमोद के कमरे का दरवाजा पर लात मारकर खोल दिया। जब चाचा प्रमोद और चाची सीमा कमरे से बाहर आए, तो विवेक का गुस्सा और बढ़ गया। चाची सीमा के समझाने के लिए आगे बढ़ने पर विवेक ने गुस्से में तमंचे (पोनिया) से चाचा प्रमोद पर फायर कर दिया। गोली उनके पेट में लगी और वे मौके पर ही गिर गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी विवेक ने अपने कपड़े नदी में फेंक दिए और भागने की फिराक में था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा (पोनिया) और कारतूस भी बरामद किया है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/XWMvRfx