घर में सो रही महिला पर जंगली जानवर का हमला:बहराइच में परिजनों के शोर मचाने पर भागा, जिला अस्पताल रेफर
बहराइच के नानपारा तहसील स्थित बलिराजपुरवा गांव में शुक्रवार रात एक जंगली जानवर ने घर में सो रही महिला पर हमला कर दिया। परिजनों के शोर मचाने पर जानवर उसे छोड़कर भाग गया। इस हमले में महिला घायल हो गई। बलिराजपुरवा गांव निवासी 38 वर्षीय दुर्गा शुक्रवार देर रात अपने घर में सो रही थीं। रात करीब तीन बजे एक जंगली जानवर घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। दुर्गा की चीख सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए और शोर मचाया, जिसके बाद जानवर वहां से भाग निकला। हमले में महिला के हाथ में घाव हो गया। परिजनों ने घटना की जानकारी वन विभाग को दी। घायल दुर्गा को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। गौरतलब है कि कैसरगंज इलाके में पिछले एक महीने से आदमखोर जंगली जानवर का आतंक बना हुआ है। इन हमलों में अब तक चार मासूमों सहित कुल छह लोगों की मौत हो चुकी है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/9czIhFl
Leave a Reply